Patients will get full course medicine from dispensary
चंबा। पंडित जवाहर लाल नेहरू मेडिकल कॉलेज चंबा में अब मरीजों को इलाज के लिए एकमुश्त दवाइयां आवंटित होंगी। डॉक्टर की पर्ची के अनुसार डिस्पेंसरी में मरीज को पूरे कोर्स की दवाई दी जाएगी। इसके लिए चिकित्सा अधीक्षक ने डिस्पेंसरी में तैनात फार्मासिस्टों को आदेश जारी कर किए हैं। इससे मरीजों को दवाई के लिए बार-बार अस्पताल के चक्कर नहीं काटने पड़ेंगे।
पहले डिस्पेंसरी में मरीज को आधे कोर्स की दवाई दी जाती थी। इसके चलते दवाई लेने के लिए मरीज को दोबारा अस्पताल आन पड़ता था लेकिन, अब ऐसा नहीं होगा। अगर मरीज को डॉक्टर दस या पांच दिन की दवाई लिखते हैं तो उन्हें डिस्पेंसरी से पूरी दवाई दी जाएगी। दवाई का पूरा कोर्स करने के उपरांत मरीज डॉक्टर से जांच करवाने के लिए अस्पताल आएगा। दवाई लेने के लिए उसे बार-बार चक्कर नहीं काटने होंगे।
गौरतलब है कि मेडिकल कॉलेज पर चुराह, भरमौर, पांगी, डलहौजी सहित भटियात विधानसभा क्षेत्रों की पौने छह लाख की आबादी इलाज के लिए निर्भर है। दूरदराज के क्षेत्रों से इलाज करवाने के लिए पहुंचने वाले मरीजों को पूरे कोर्स की एवज में कुछ दिन की ही दवाइयां प्रदान की जाती रही हैं लेकिन, अब व्यवस्था में सुधार कर दिया गया है। इसके तहत अब एकमुश्त मरीजों को पूरे कोर्स की दवाइयां दी जाएंगी।
चिकित्सा अधीक्षक डॉक्टर देवेंद्र कुमार ने बताया कि कई बार मरीज पूरे कोर्स की दवाई एक साथ नहीं लेते हैं। वे कम दवाई खाने के चक्कर में अधूरे कोर्स की दवाई लेकर चले जाते हैं। ऐसे में जब मरीज बीमारी खत्म नहीं होने पर दोबारा दवाई लेने के लिए अस्पताल पहुंचते हैं। इससे डिस्पेंसरी में भीड़ भी रहती है। इससे अन्य मरीज भी परेशान होते हैं। मरीजों की समस्या का समाधान करने के लिए स्टाफ को आदेश दिए गए हैं कि वे मरीज को कोर्स के अनुसार पूरी दवाइयां एक साथ दें।