चंबा। मैहला बाजार में पार्किंग के अभाव में लोगों को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। पार्किंग के अभाव में लोगों को आड़े-तिरछे ही वाहन खड़े करने पड़ते हैं। राहगीरों को भी आवाजाही में परेशानी हो रही है। लोगों की पार्किंग समस्या का आज तक हल नहीं हो सका।
पार्किंग के लिए जगह चिह्नत करने की कवायद भी सर्वे से आगे नहीं बढ़ पाई है। इससे स्थानीय लोगों में रोष है। क्षेत्र में बाजार सहित विकास खंड कार्यालय और बैंक होने के कारण यहां काफी संख्या में लोगों की आवाजाही रहती है। मैहला बाजार करीब तीन पंचायतों का केंद्रबिंदु है। ऐसे में हजारों लोग रोजाना अपने रोजमर्रा के कार्यों को लेकर यहां पहुंचते हैं लेकिन पार्किंग सुविधा न होने से उन्हें जगह-जगह बेतरतीब ढंग से अपने वाहन खड़े करने पड़ते हैं। हालांकि यहां निजी पार्किंग है लेकिन वाहनों की बढ़ती तादाद के आगे वह नाकाफी है। चालकों रमेश कुमार, सुरेंद्र सिंह, बंटू राम, राजेश कुमार, अमित कुमार, सुनील कुमार, देवी चंद और राजेश कुमार ने प्रशासन से मांग की है कि मैहला बाजार में पार्किंग का निर्माण करवाया जाए। एसडीएम नवीन तनवर ने बताया कि यह मामला ध्यान में लाया गया है। कहा कि जल्द संभावनाएं तलाशी जाएंगी।