चंबा के चुराह के देवीकोठी में ताजा बर्फबारी का नजारा। संवाद
- फोटो : Chamba
चंबा। कबायली क्षेत्र भरमौर-पांगी की ऊपरी चोटियों पर दो से तीन इंच तक बर्फबारी से पूरा जिला शीतलहर की चपेट में आ गया है। बर्फबारी के बाद बढ़ी शीतलहर ने लोगों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। जिला मुख्यालय में ठंड से बचने के लिए वीरवार दोपहर लोग आग सेंकते देखे गए। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के चलते जिला प्रशासन ने लोगों की सुरक्षा के लिए ऊंचाई वाले क्षेत्रों और नदी-नालों के किनारे न जाने की हिदायत दी है।
मौसम के बदले मिजाज ने अब लोगों की दुश्वारियां बढ़ा कर रख दी हैं। वीरवार को कबायली क्षेत्र भरमौर में दोपहर बाद मणिमहेश कैलाश, चौबिया, कुगति आदि जोतों पर हल्का हिमपात हुआ। चोटियों पर हुई बर्फबारी से निचले क्षेत्रों में ठंड का प्रकोप बढ़ गया है। वहीं, पांगी की हिलुटवान, चस्क भटोरी सहित अन्य भटोरियों में भी दोपहर बाद हल्की बर्फबारी का क्रम बदस्तूर जारी रहा। चुराह विधानसभा क्षेत्र की देवीकोठी और टेपा की चोटियों पर बर्फ की सफेद चादर बिछ गई है। जबकि, दिनभर टेपा सहित आसपास के गांवों में बर्फबारी का क्रम जारी रहा।
चुवाड़ी रेन शेल्टर में मृत मिला व्यक्ति
चुवाड़ी रेन शेल्टर में एक व्यक्ति मृत मिला है। पता चला है कि यह व्यक्ति चुवाड़ी का रहने वाला था। कई वर्ष से वह बाजार में ही घूमता रहता था और रात के समय रेन शेल्टर में ही सोया रहता था। वीरवार सुबह वह शेल्टर में मृत पाया गया। सूचना के आधार पर मौके पर पहुंची पुलिस ने मृतक का सिविल अस्पताल चुवाड़ी में पोस्टमार्टम करवाकर शव परिजनों के सुपुर्द किया। वहीं, कयास लगाए जा रहे हैं कि व्यक्ति की मौत ठंड की वजह से हुई है। पुलिस विभाग पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही मौत के सही कारणों का खुलासा करने की बात कह रहा है।