पंचायत चुनाव के लिए मैदान में उतरने से पहले पंडितों के द्वार जा रहे प्रत्याशी
मंदिरों में जाकर भी मांग रहे जीत का आशीष, ग्रहों की चाल पूछकर भर रहे परचे
संवाद न्यूज एजेंसी
चंबा। पंचायत चुनावों में इस बार प्रत्याशी नामांकन भरने से पहले पंडितों के पास शुभ मुहूर्त पूछने के लिए पहुंच रहे हैं। पंडितों से पूछकर प्रत्याशी ग्रह चाल और शुभ मुहूर्त के अनुसार परचे दाखिल कर रहे हैं।
साथ ही नामांकन कौन से दिन भरना है, इसके लिए भी बाकायदा दिन तय किया जा रहा है। प्रत्याशी नामांकन से पहले मंदिरों में दर्शन करने के लिए पहुंच रहे हैं।
पंचायत चुनावों को लेकर नामांकन प्रक्रिया शुरू हो गई है। 8 और 9 मई को नामांकन पत्र उम्मीदवारों ने दायर किए मगर अभी कई ऐसे उम्मीदवार हैं जिन्होंने नामांकन पत्र नहीं भरा है। 11 मई को भी नामांकन की प्रक्रिया जारी रहेगी।
गौरतलब है कि पंचायत चुनाव के लिए नामांकन प्रक्रिया शुरू होते ही अब उम्मीदवारों ने तैयारियां तेज कर दी हैं। मतदाताओं से संपर्क साधने के साथ ही उम्मीदवार मतदाताओं के घर में दस्तक भी दे रहे हैं। हालांकि नामांकन के बाद अब चुनाव-प्रचार भी आने वाले दिनों में चरम पर होगा। सोशल मीडिया पर भी प्रत्याशी प्रचार करने में कोई कसर नहीं छोड़ रहे हैं।
अब तक 4878 ने किया नामांकन
पंचायती राज संस्थाओं के चुनावों के लिए जिले भर में नामांकन प्रक्रिया के तहत दूसरे दिन विभिन्न पदों के लिए 2581 नामांकन पत्र दाखिल किए गए। पहले दिन नामांकन पत्रों की कुल संख्या 2297 थी। अब तक कुल 4878 नामांकन पत्र दाखिल किए जा चुके हैंं।