अंतिम दिन नामांकन के लिए प्रत्याशियों की भीड़ उमड़ने की उम्मीद
16 को नाम वापसी के बाद प्रत्याशियों को आवंटित होंगे चुनाव चिह्न
संवाद न्यूज एजेंसी
चंबा। जिले में पंचायत चुनाव को लेकर नामांकन प्रक्रिया सोमवार को खत्म हो रही है। अंतिम दिन नामांकन के लिए भीड़ उमड़ने की संभावना है।
जिले की 319 पंचायतों में प्रधान, उपप्रधान और वार्ड पंच पदों के लिए चुनाव हो रहा है। सुबह 10 से दोपहर 3 बजे तक नामांकन पत्र भरे जाएंगे। कार्यालयों के बाहर उम्मीदवारों और समर्थकों की लंबी कतारें लगी रहीं। कई पंचायतों में प्रधान पद के लिए 5 से 7 उम्मीदवार मैदान में हैं। 14-15 मई को नामांकन पत्रों की छंटनी होगी। कागजात पूरे न होने या नियम पूरे न करने वाले परचे रद्द होंगे। 16 मई को नाम वापसी का दिन है। इसके बाद प्रत्याशियों को चुनाव चिह्न जारी किए जाएंगे। इसके बाद प्रचार अभियान जोर पकड़ेगा। पंचायत चुनाव बैलेट पेपर से होंगे। प्रशासन ने साफ किया है कि नामांकन प्रक्रिया पूरी तरह शांतिपूर्ण चल रही है। सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। गांव-गांव में चुनावी सरगर्मियां तेज हो गई हैं। इस बार महिला और युवा उम्मीदवारों की संख्या भी अच्छी-खासी है। अब सबकी नजर 14-15 मई की छंटनी पर टिकी है। इसके बाद साफ होगा कि असल मुकाबला किन-किन के बीच रहेगा। गौरतलब है कि गांव की सरकार बनाने के लिए काफी संख्या में उम्मीदवार नामांकन भर रहे हैं। ऐसे में चुनाव सरगर्मियां जिला की पंचायतों में तेज हो गई है।
दो दिन में 4878 प्रत्याशियों ने भरे नामांकन
पंचायती राज संस्थाओं के चुनावों के लिए जिले भर में नामांकन प्रक्रिया के तहत दूसरे दिन विभिन्न पदों के लिए 2581 नामांकन पत्र दाखिल किए गए। पहले दिन नामांकन पत्रों की कुल संख्या 2297 थी। अब तक कुल 4878 नामांकन पत्र दाखिल किए जा चुके हैं।