चंबा। कोविड अस्पताल चंबा और क्षय रोग (टीबी) अस्पताल में जल्द 270 बिस्तरों पर मरीजों को पाइप लाइन के जरिये ऑक्सीजन की सुविधा दी जाएगी। मेडिकल कॉलेज प्रबंधन की ओर से क्षयरोग अस्पताल में बिस्तरों के साथ ऑक्सीजन लाइन बिछाने का कार्य शुरू करवा दिया गया है। इसके तहत क्षयरोग अस्पताल के 60 बिस्तरों पर मरीजों को जल्द ऑक्सीजन की सुविधा मिलेगी। कोरोना की तीसरी लहर को ध्यान में रखते हुए मेडिकल कॉलेज प्रबंधन ने मेडिकल कॉलेज और क्षय रोग अस्पताल के 270 बेडों पर ऑक्सीजन सप्लाई पहुंचाने का फैसला लिया है। इसके तहत अब बाकायदा युद्घस्तर पर कार्य भी शुरू हो चुका है।
गौरतलब है कि कोरोना की तीसरी लहर बच्चों के लिए घातक बताई जा रही है। ऐसे में मेडिकल कॉलेज प्रबंधन भी प्रशासनिक आदेशों के बाद अपनी व्यवस्थाओं को पुख्ता करने में जुट गया है। इसी क्रम में अब क्षय रोग अस्पताल चंबा में जहां पहले 30 बिस्तरों पर पाइप लाइन के जरिये ऑक्सीजन मरीजों को मिल रही थी वहीं, अब 30 अतिरिक्त बिस्तर भी ऑक्सीजन सुविधा से जोड़े जाएंगे। इस कार्य पर करीब तीस लाख का बजट खर्च होगा। इसके अलावा मेडिकल कॉलेज चंबा की तृतीय और चतुर्थ मंजिल पर बच्चों को दाखिल करने की व्यवस्था भी रहेगी। वहीं, मेडिकल कॉलेज चंबा में पहले 180 बिस्तरों पर ऑक्सीजन की व्यवस्था थी, जिन्हें बढ़ाकर अब 210 कर दिया गया है। अब कोविड की तीसरी लहर के दौरान दोनों अस्पतालों में पाइप लाइन के जरिये 270 बिस्तरों पर ऑक्सीजन की व्यवस्था की जा रही है।
मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य डॉ. रमेश भारती ने कहा कि कोविड की तीसरी लहर के तहत मेडिकल कॉलेज की तीसरी और चौथी मंजिल में बच्चों को दाखिल की व्यवस्था रहेगी। इसके अलावा क्षयरोग अस्पताल में अब तीस और बिस्तरों तक ऑक्सीजन पाइप लाइन बिछाने का काम शुरू कर दिया गया है। बताया कि तीसरी लहर से पहले कोविड अस्पताल चंबा सहित क्षय रोग अस्पताल में 270 बिस्तरों पर मरीजों को ऑक्सीजन की सुविधा दी जाएगी।