चंबा। युवाओं को प्रतियोगी परीक्षा की तैयारियों को लेकर सरोल पंचायत में अपना पुस्तकालय नाम से लाइब्रेरी साल के पहले दिन शुरू की गई है। इसका विधिवत शुभारंभ उपायुक्त चंबा मुकेश रेपसवाल ने मुख्यातिथि के तौर पर शिरकत कर किया। इस अवसर पर एडीएम अमित मैहरा और बीडीओ महेश भी विशेष तौर पर मौजूद रहे।
उपायुक्त मुकेश रेपसवाल ने कहा कि इस लाइब्रेरी के माध्यम से युवाओं को प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करने में काफी मदद मिलेगी। उपायुक्त मुकेश रेपसवाल ने इस दौरान पंचायत के सामुदायिक भवन, बैडमिंटन कोर्ट समेत अन्य विकासात्मक गतिविधियों का जायजा लिया। इस मौके पर भाजपा के जिलाध्यक्ष धीरज नरयाल, जिला परिषद सदस्य सीमा नरयाल और पंचायत प्रधान विजय कुमारी समेत पंचायत सचिव और क्षेत्र के गणमान्य लोग उपस्थित रहे।