चंबा। शारदीय नवरात्रों में जहां मंदिरों में श्रद्धालु पहुंचेंगे तो वहीं, शादियों का भी आयोजन होगा। इसको लेकर जिला प्रशासन की ओर से दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं। आदेशों में प्रशासन ने साफ किया है कि मंदिरों में श्रद्धालु पूजा और आरती कर सकते हैं जबकि, शादियों में दो सौ लोगों को शामिल करने की ही अनुमति रहेगी।
व्यवस्था की जांच-परख के लिए उड़नदस्ते भी मौके पर भेजे जाएंगे। प्रशासन ने स्थानीय पंचायत प्रतिनिधियों को भी कोविड काल के दौरान अपनी जिम्मेदारी का सही तरीके से निर्वहन करने का आह्वान किया है। जिले में वर्तमान समय में कुछ हद तक कोरोना स्थिति नियंत्रण में है। जिले में पहले की अपेक्षा काफी कम संख्या में कोरोना संक्रमण के मामले सामने आ रहे हैं और पॉजिटिविटी रेट भी काफी हद तक कम हुआ है, जो जिले के लिए राहत की खबर है।
जिले में वर्तमान में एक्टिव केस भी 25 ही रह गए हैं। वैक्सीनेशन को लेकर प्रशासन की ओर से समय-समय पर दिशा-निर्देश जारी किए जा रहे हैं। उपायुक्त डीसी राणा ने बताया कि शादियों में अधिकतर दो सौ लोग भाग ले सकते हैं, जबकि मंदिरों में भंडारे और कीर्तन के आयोजन पर रोक रहेगी। इसके अलावा लोग मंदिरों में पूजा और आरती ही कर पाएंगे। कहा कि समारोहों का सीजन शुरू होने के चलते लोग भी अपनी जिम्मेदारी समझें और कोरोना प्रोटोकॉल की पालना करें।