सुल्तानपुर स्थित हेलीपैड में क्रिकेट खेल रहे युवकों की गेंद लगने से एक महिला बेहोश हो गई। महिला को स्थानीय लोगों ने बड़ी मुश्किल से होश में लाया। जिसके बाद विवाद बढ़ गया और महिला के परिजन सुल्तानपुर चौकी पहुंच गए।
उन्होंने पुलिस से हेलीपैड ग्राउंड में क्रिकेट न खेलने की मांग की। काफी देर तक हंगामा होने के बाद पुलिस ने मामले को शांत करवाया व युवकों को बिना इजाजत के हेलीपैड में न घुसने की हिदायत दी। इस मौके पर स्थानीय निवासी टेक चंद, रवि, सरोज कुमारी, रिंकू, दित्तू, रजनी, तिलक, बिट्टू, राजू, सूरज और राकेश ठाकुर ने बताया कि हेलीपैड में क्रिकेट खेल के दौरान गेंद लगने से घर में बैठी महिला घायल हो गई।
उन्होंने कहा कि हेलीपैड में क्रिकेट खेल की वजह से आसपास रहने वाले लोग अपने छोटे बच्चों को घरों से बाहर नहीं निकाल रहे हैं। क्रिकेट मैच के दौरान लगने वाले शॉट से अक्सर गेंद लोगों के घरों में पहुंच जाता है। जिससे घरों के बाहर खेले रहे छोटे बच्चों को चोट लगने का अंदेशा बना रहता है। इसके अलावा गेंद की चोट से कई लोगों के घरों की खिड़कियों के शीशे टूट चुके हैं। उधर, सुल्तानपुर चौकी इंचार्ज मनोज वालिया ने बताया कि हेलीपैड में क्रिकेट खेलने वालों पर पूर्ण रूप से प्रतिबंध लगा दिया गया है। अब कोई भी हेलीपैड में क्रिकेट नहीं खेल पाएगा।