चंबा। किहार थाना की पुलिस ने डांड के पास गाड़ी में तीन बोरी सपडोत्री (जड़ी बूटी) की खेप के साथ एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। आरोपी के खिलाफ पुलिस ने भारतीय दंड संहिता की धारा 379,34 व भारतीय वन अधिनियम की धारा 41, 42 के तहत केेस दर्ज किया है। पुलिस मामले की आगामी कार्रवाई को अंजाम दे रही है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार शनिवार को पुलिस थाना किहार का दल जब डांड की तरफ गश्त कर रहा था। इसी दौरान सड़क किनारे एक गाड़ी खड़ी थी। सड़क किनारे खड़ी गाड़ी को देखकर पुलिस टीम को शक हुआ।
इस आधार पर पुलिस टीम ने गाड़ी के नजदीक जाकर छानबीन की। इसमें गाड़ी के भीतर से तीन बोरी सपडोत्री (जड़ी बूटी) बरामद की गई। पुलिस ने चालक को जड़ी बूटी ले जाने के लिए परमिट दिखाने को कहा गया।
मगर चालक के पास कोई परमिट नहीं था। इसके चलते पुलिस ने जड़ी बूटी की बोरियों को जब्त कर लिया। इसके साथ ही चालक सादिक पुत्र आजाद निवासी मदपनियार को गिरफ्तार कर लिया है।
इसके खिलाफ भारतीय दंड संहिंता की धारा के अलावा वन अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस इस बात की भी गहनता से जांच कर रही है कि जड़ी बूटी कहां से लाई जा रही थी, जिससे जड़ी बूटी बेचने वाले का भी पता लगाया जा सके।
पुलिस अधीक्षक डॉ. मोनिका ने बताया कि किहार थाना की टीम ने गाड़ी में तीन बोरी जड़ी बूटी की पकड़ी है। एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस मामले की आगामी कार्रवाई को अंजाम दे रही है।