भूरि सिंह संग्रहालय में उपायुक्त चंबा डीसी राणा राज्यपाल को चंबा रूमाल भेंट करते हुए।
- फोटो : Chamba
चंबा। राज्यपाल बंडारू दत्तात्रेय ने कहा कि चंबा जिले में विशेषतौर से शिक्षा, स्वास्थ्य और रोजगार की दिशा में नए कदम उठाने के लिए एक रोड मैप तैयार किया जाए ताकि जिला आने वाले समय में समग्र विकास के दृष्टिगत आदर्श बन सके। सोमवार को चंबा पहुंचे राज्यपाल ने भूरि सिंह संग्रहालय के सभागार में विभिन्न विभागों के अधिकारियों के साथ बैठक की। उन्होंने कहा कि जब वह चंबा जिला के दौरे पर दोबारा आएंगे तो इसकी समीक्षा भी करेंगे। राज्यपाल ने कहा कि ग्रामीण आर्थिकी से सीधे जुड़े कृषि और अन्य क्षेत्रों में भी विभाग नवाचार और टेक्नोलॉजी के समावेश के साथ कार्य करें। विकास और जनकल्याण के लक्ष्य पर आधारित केंद्र और राज्य सरकार की अनेक योजनाएं और स्कीमें कार्यान्वित की जा रही हैं। इनका लाभ हर गरीब व्यक्ति तक पहुंचाने की जिम्मेदारी विभागीय अधिकारियों पर हैं जो इनके सफल कार्यान्वयन में सबसे अहम कड़ी होते हैं। राज्यपाल ने कोविड-19 महामारी के दौरान स्वास्थ्य विभाग के अलावा अन्य विभिन्न विभागों द्वारा किए गए प्रयासों की भी सराहना की।
राज्यपाल ने जनजातीय व दुर्गम क्षेत्रों के लिए टेली मेडिसिन सुविधा पर और ज्यादा फोकस करने के लिए भी कहा। इससे पूर्व राज्यपाल ने शहरी निकाय और पंचायती राज के नवनिर्वाचित प्रतिनिधियों के साथ भी संवाद किया। उन्होंने कहा कि सभी जनप्रतिनिधि सेवा भाव के साथ अपने दायित्व का निर्वहन करें और उन्हें निर्वाचित होने के बाद जो अधिकार प्राप्त होते हैं, उनका पिछड़े क्षेत्र के विकास और गरीबों के कल्याण के लिए प्रयोग किया जाना चाहिए।
बैठक से पूर्व उपायुक्त डीसी राणा ने राज्यपाल का स्वागत करते हुए जिला के विभिन्न पहलुओं की जानकारी साझा की। राज्यपाल ने भूरि सिंह संग्रहालय और भूरि सिंह पावर हाउस का अवलोकन भी किया। उन्होंने स्वयं सहायता समूहों की प्रदर्शनी का भी अवलोकन किया। उन्होंने कहा कि शताब्दियों पुराने इतिहास, कला व संस्कृति को जिस तरह से इस संग्रहालय में सहेजा गया है, वह प्रशंसनीय है। राज्यपाल इसके बाद ऐतिहासिक चौगान मैदान में भी पहुंचे। इस मौके पर पुलिस अधीक्षक एस अरूल कुमार, अतिरिक्त उपायुक्त मुकेश रेप्सवाल, एसडीएम शिवम प्रताप सिंह, जिला पर्यटन विकास अधिकारी विजय कुमार, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. राजेश गुलेरी, भूरि सिंह संग्रहालय के कार्यवाहक संग्रहालयाध्यक्ष सुरेंद्र ठाकुर, लोक निर्माण के अधिशासी अभियंता जीत सिंह ठाकुर, अधिशासी अभियंता बिजली बोर्ड पवन शर्मा, अधिशासी अभियंता जलशक्ति दिनेश कपूर समेत अन्य विभागों के अधिकारी भी मौजूद रहे।