चुवाड़ी (चंबा)। विधानसभा अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानिया ने भटियात विधानसभा क्षेत्र के तहत विभिन्न विकासात्मक परियोजनाओं का निरीक्षण किया। उन्होंने विभागीय अधिकारियों को विधानसभा क्षेत्र में चल रहे विकासात्मक कार्यों को तय सीमा के भीतर पूरा करने को लेकर आवश्यक कदम उठाने के निर्देश जारी किए। उन्होंने ग्राम पंचायत सिहुंता के गांव छालड़ा में लोगों की समस्याओं को सुना।
इसमें ज्यादातर समस्याएं पानी-बिजली और सड़कों से संबंधित थीं। उन्होंने अधिकांश समस्याओं का मौके पर ही निराकरण कर शेष समस्याओं के समाधान के लिए संबंधित विभागों के अधिकारियों को प्रेषित किया। उन्होंने कहा कि अधिकारी प्राथमिकता के आधार पर लोगों की समस्याओं का समाधान करना सुनिश्चित करें जिससे लोगों को सरकारी योजनाओं का लाभ मिल सके। उन्होंने कहा कि भटियात विधानसभा क्षेत्र का सर्वांगीण विकास उनकी प्राथमिकता है। बिजली, स्वच्छ पेयजल, स्वास्थ्य, शिक्षा, सड़क और सिंचाई जैसी विभिन्न मूलभूत सुविधाएं लोगों को उपलब्ध करवाने के लिए प्रतिबद्ध है। इस अवसर पर स्थानीय पंचायत प्रतिनिधियों सहित क्षेत्र के गण्यमान्य लोग भी मौजूद रहे।