चंबा। डाक विभाग के चंबा मंडल के अंतर्गत आने वाले सभी डाकघरों में अब सामाजिक सुरक्षा पेंशनधारक बिना फार्म भरे आसानी से अपनी पेंशन प्राप्त कर सकेंगे। डाकघर चंबा के अधीक्षक राजीव गुरुंग ने बताया कि लाभार्थी ई-केवाईसी करवाने के बाद केवल अंगूठे के निशान के माध्यम से भुगतान प्राप्त कर सकते हैं।
उन्होंने बताया कि जिन लाभार्थियों का बैंक खाता आधार से लिंक है, वे आधार इनेबल्ड पेमेंट सिस्टम (एईपीएस) के जरिये किसी भी डाकघर से 10,000 रुपये तक की राशि निकाल सकते हैं। यह सुविधा चंबा मंडल के मुख्य डाकघर, 26 उप डाकघरों और 204 शाखा डाकघरों में उपलब्ध है।
अधीक्षक ने बताया कि लाभार्थी चाहें तो इंडिया पोस्ट पेमेंट बैंक में नया खाता खोल सकते हैं। फेस डिटेक्शन तकनीक के माध्यम से भी पहचान सत्यापन कर भुगतान की सुविधा दी जा रही है, जिससे बुजुर्गों को बार-बार डाकघर आने की आवश्यकता नहीं पड़ेगी।
उन्होंने लाभार्थियों को सावधान करते हुए कहा कि लेन-देन के बाद अपनी पासबुक डाकघर में न छोड़ें और उसे स्वयं सुरक्षित रखें, ताकि किसी भी प्रकार की वित्तीय गड़बड़ी से बचा जा सके।
डाक विभाग का दावा है कि इस प्रणाली से पेंशन वितरण प्रक्रिया अधिक पारदर्शी, सुरक्षित और तेज होगी, जिससे ग्रामीण और दूरदराज के क्षेत्रों के लाभार्थियों को विशेष सुविधा मिलेगी।