चंबा-पुखरी रूट पर जा रही बस 15 किलोमीटर चलने के बाद खराब
यात्रियों को घंटों तक होना पड़ा परेशान, निजी वाहनों से गईं सवारियां
संवाद न्यूज एजेंसी
पुखरी (चंबा)। चंबा-पुखरी मार्ग पर एचआरटीसी की बस सेवा एक बार फिर सवालों के घेरे में आ गई है। सोमवार सुबह पुखरी से चंबा की ओर जा रही एचआरटीसी बस फोल्गत के पास खराब हो गई।
बस चंबा से केवल करीब 15 किलोमीटर का सफर ही तय कर पाई थी। बस खराब होने से यात्रियों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा। कई यात्री जरूरी कामों, अस्पताल और दफ्तरों के लिए जा रहे थे लेकिन बीच रास्ते में बस रुकने से उन्हें घंटों इंतजार करना पड़ा। कुछ यात्रियों को निजी वाहनों और टैक्सियों का सहारा लेकर आगे का सफर तय करना पड़ा। घटना के बाद यात्रियों ने एचआरटीसी प्रबंधन के खिलाफ नाराजगी जाहिर की। यात्रियों का कहना था कि यह पहली बार नहीं है, बल्कि आए दिन सरकारी बसें बीच रास्ते में खराब हो जाती हैं।
यात्रियोें में विशाल कुमार, नितिन कुमार, संदीप कुमार, योगेश कुमार, संजय कुमार, देस राज और किशोरी लाल ने बताया कि ऐसा शायद ही कोई दिन होता हो जब सरकारी बसों के पहिए बीच रास्ते में न थमते हों। सबसे ज्यादा परेशानी यात्रियों को उठानी पड़ती है। ग्रामीण रूटों पर पुरानी और जर्जर बसें दौड़ाई जा रही हैं। बसों की नियमित जांच और मरम्मत कागजों तक सीमित नजर आती है। यदि समय रहते बसों की सही तरीके से जांच हो तो बीच रास्ते में यात्रियों को इस तरह परेशान नहीं होना पड़े। यात्रियों ने मांग की है कि दूरदराज के रूटों पर बेहतर हालत वाली बसें चलाई जाएं।
उधर, एचआरटीसी के डीडीएम शुगल सिंह ने कहा कि बस को दुरुस्त करने के लिए मेकेनिक भेजा है। मरम्मत करवाकर इसे दोबारा रूट पर भेज दिया जाएगा।