डलहौजी (चंबा)। विद्युत उपमंडल डलहौजी में लंबे समय से बिजली बिल जमा न करवाने वाले उपभोक्ताओं पर बोर्ड ने शिकंजा कसना शुरू कर दिया है। बोर्ड ने 615 डिफाल्टर उपभोक्ताओं को नोटिस जारी कर दिए हैं। बोर्ड ने स्पष्ट किया है कि आगामी 15 दिन के भीतर अगर विद्युत उपभोक्ता बिजली बिल जमा नहीं करवाते हैं तो ऐसे उपभोक्ताओं के बिजली कनेक्शन अस्थायी तौर पर काट दिए जाएंगे। डिफॉल्टरों की सूची जारी होने के बाद उपभोक्ताओं में हड़कंप मच गया है।
जानकारी के मुताबिक बिजली बोर्ड की करीब 33 लाख रुपये की राशि बिल के रूप में उपभोक्ताओं के पास फंसी हुई है। बोर्ड ने इस राशि को निकलवाने के लिए पहले भी कई प्रयास किए लेकिन, उपभोक्ताओं ने बिल जमा करवाने की जहमत नहीं की। बहरहाल, अब बोर्ड ने 615 उपभोक्ताओं को नोटिस जारी कर दिए हैं।
उपभोक्ता अगर तय समयावधि के भीतर बिल जमा नहीं करवाते हैं तो उनके कनेक्शन अस्थायी तौर पर काट दिए जाएंगे। दोबारा कनेक्शन बहाल करवाने के लिए उपभोक्ताओं को 250 रुपये अतिरिक्त शुल्क के रूप में देने होंगे। विद्युत बोर्ड डलहौजी के सहायक अभियंता परवेश ठाकुर ने यह जानकारी दी है। उन्होंने बताया कि 615 उपभोक्ताओं को नोटिस जारी किए गए हैं।