यातायात सुरक्षा में तैनात पुलिसकर्मी अब ड्यूटी के दौरान मोबाइल का इस्तेमाल नहीं कर पाएंगे। यदि कोई पुलिसकर्मी मोबाइल सुनता हुआ देखा गया तो उसे तत्काल निलंबित कर दिया जाएगा। यह निर्णय पुलिस अधीक्षक विरेंद्र तोमर ने वीरवार को लिया है।
पत्रकारों से बातचीत करते हुए पुलिस अधीक्षक ने बताया कि यातायात नियंत्रण में तैनात पुलिस कर्मियों के मोबाइल पर व्यस्त होने की कई शिकायतें आ रही थी। जिसे देखते हुए यह निर्णय लिया गया है। उन्होंने बताया कि यातायात पुलिस कर्मी को ड्यूटी के दौरान अपनी जगह पर ही रहना होगा।
उन्होंने पुलिस के अधिकारियों को निर्देश दिए हैं वे नियमित रूप से मुआयना करते रहें। उन्होंने बताया कि जहरीला पदार्थ निगलने के मामलों में तेजी से बढ़ोतरी हो रही है। जिसे देखते हुए पुलिस आगामी दिनों में जागरूकता अभियान चलाएगी। यह अभियान स्कूलों में शुरू किया जाएगा।
स्कूली स्तर पर बच्चों को बेहतर भविष्य, जीवन की खूबसूरती और मनोवैज्ञानिक रूप से मजबूत बनाने की कोशिश की जाएगी। उन्होंने बताया कि पुलिस एनजीओ की मदद से शादीशुदा लोगों की जिंदगी में तनाव को कम करने के लिए भी अभियान चलाएगी। साथ ही इस काम में पूर्व पुलिस कर्मियों की भी मदद ली जाएगी। उन्होंने पूर्व पुलिस कर्मियों से अपने इलाके या पंचायत में ऐसे अभियान चलाने की बात कही। इस मौके पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक विरेंद्र ठाकुर व डीएसपी वीर बहादुर समेत अन्य मौजूद थे।