चंबा। पंडित जवाहर लाल नेहरू मेडिकल कॉलेज की सेंटर लैब में मरीजों के टेस्ट नहीं हो रहे हैं। इसकी वजह से मरीजों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। लैब में इस्तेमाल होने वाला केमिकल और अन्य सामान खत्म हो चुका है, जिसकी वजह से पिछले दस दिन से सेंटर लैब में मरीजों के कोई भी टेस्ट नहीं किए जा रहे हैं। लैब में 24 घंटे मरीजों के मुफ्त टेस्ट करने की व्यवस्था की गई है लेकिन, अस्पताल में उपचाराधीन मरीजों को मौजूदा समय में लैब का कोई लाभ नहीं मिल पा रहा है। मरीजों को मजबूरन एसआरएल लैब या निजी लैबों का रुख करना पड़ रहा है।
लैब में टेस्ट न होने से सबसे ज्यादा परेशानी गर्भवती महिलाओं को हो रही है क्योंकि प्रसव के लिए आने वाली गर्भवती महिलाओं को चिकित्सक पहले जरूरी टेस्ट करवाने की सलाह देते हैं। प्रसूति कक्ष के साथ बनी लैब में गर्भवती महिलाएं टेस्ट आसानी से करवा लेती थीं लेकिन, अब उन्हें इस सुविधा का लाभ नहीं मिल पा रहा है। इसके अलावा अस्पताल के अन्य वार्डों में भर्ती मरीजों के टेस्ट भी नहीं हो रहे हैं।
ओपीडी ब्लॉक में बनी प्रयोगशाला में दोपहर एक बजे तक मरीजों के टेस्ट किए जाते हैं। उसके बाद मरीजों को जरूरी टेस्ट करवाने के लिए एसआरएल लैब या निजी लैब पर निर्भर रहना पड़ता है। सरकारी लैब में मरीजों के सभी टेस्ट मुफ्त किए जाते हैं, जबकि निजी लैबों में मरीजों को टेस्ट करवाने के लिए पैसे चुकाने पड़ रहे हैं। सेंटर लैब में मरीजों के किडनी, लीवर सहित अन्य चालीस टेस्ट करने की सुविधा है। लैब बंद होने से मरीजों को ये टेस्ट करवाने के लिए भटकना पड़ रहा है। लैब में रोजाना पचास से साठ मरीज टेस्ट करवाने के लिए पहुंचते थे।
प्रयोगशाला में नहीं हो रहे थायरायड टेस्ट
मेडिकल कॉलेज की प्रयोगशाला में मरीजों के थायरायड टेस्ट भी नहीं हो रहे हैं। क्योंकि, प्रयोगशाला में थायरायड टेस्ट करने में इस्तेमाल होने वाली किटें खत्म हो चुकी हैं। प्रबंधन की ओर से अभी तक किटों को मरीजों की सुविधा के लिए उपलब्ध नहीं किया जा सका है। प्रयोगशाला में मरीजों के थायरायड टेस्ट के 200 रुपये लिए जाते हैं जबकि, निजी लैब में थायरायड टेस्ट करवाने के 600 रुपये चुकाने पड़ रहे हैं।
चिकित्सा अधीक्षक डॉक्टर देवेंद्र कुमार ने बताया कि सेंटर लैब बंद होने के बारे में उन्हें जानकारी नहीं है। इसको लेकर जानकारी जुटाकर मरीजों के टेस्ट शुरू करवाने को लेकर जल्द व्यवस्था की जाएगी। इसके अलावा अस्पताल की दूसरी प्रयोगशाला में थायरायड टेस्ट को लेकर किटें भी उपलब्ध करवाई जाएंगी।