चंबा। कोरोना कर्फ्यू के बीच बेवजह वाहन लेकर शहर में निकले लोगों को पुलिस ने उलटे पांव लौटाया। वहीं, आपातकालीन और नौकरीपेशा लोगों के वाहनों को ही आगे जाने दिया। हालांकि, बुधवार को कोरोना कर्फ्यू में पुलिस और जिला प्रशासन को लोगों का भरपूर सहयोग मिला।
इक्का-दुक्का लोगों को छोड़कर सभी लोग अपने घरों में ही दुबके रहे। केवल कोरोना कर्फ्यू के दौरान मिलने वाली रियायत के दौरान ही खरीदारी करने के लिए लोग शहर में पहुंचे। वहीं, मेडिकल कॉलेज चंबा के परिसर में स्थित कोविड सैंपल सेंटर में सैंपल देने के लिए पहुंचें लोग कोविड के नियमों को दरकिनार करते दिखे। कुल मिलाकर कोरोना कर्फ्यू की अनुपालना करवाने के लिए पुलिस टीम शहर सहित आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों में भी तैनात रही।
जीरो प्वाइंट भरमौर चौक से आगे वाहनों की आवाजाही पर पूरी तरह रोक लगा दी गई है। इससे आगे महज आपातकालीन वाहनों को ही भेजा जा रहा है। पुलिस अधीक्षक अरुल कुमार ने बताया कि कोरोना कर्फ्यू में लोगों का भी सहयोग मिल रहा है। कहा कि सभी लोगों के सहयोग से ही इस महामारी से बचा जा सकता है।