चंबा। विधानसभा चुनाव नजदीक आते ही भाजपा और कांग्रेस के राज्य चुनाव प्रभारी और सहप्रभारी मतदाताओं की टोह लेने चंबा पहुंच रहे हैं। एक महीने के भीतर चंबा में भाजपा और कांग्रेस के कई बड़े नेता अपनी दस्तक दे चुके हैं।
भाजपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष, महामंत्री, राज्य सभा सांसद के साथ राज्य चुनाव प्रभारी चंबा में मतदाताओं की टोह ले चुके हैं। इसके अलावा इन नेताओं ने मंडल स्तर पर भाजपा कार्यकर्ताओं से बैठक कर नेताओं की मौजूदा स्थिति का पता लगाने का प्रयास किया है।
इसी तरह कांग्रेस के राज्य चुनाव सह प्रभारी, प्रदेश अध्यक्ष, नेता प्रतिपक्ष सहित राष्ट्रीय नेतृत्व चंबा का दौरा कर चुके हैं। इन नेताओं की दस्तक से लग रहा है कि ये दोनों पार्टियां इस बार चुनाव में अपने प्रत्याशी की घोषणा पूरे सोच विचार करने के बाद ही करेंगी। मतदाताओं से लेकर पार्टी कार्यकर्ताओं की राय ली जा रही है। ऐसे में पार्टी से टिकट की चाह रखने वाले नेताओं के लिए इस बार टिकट पाना आसान नहीं होगा। मौजूदा समय में जो नेता वर्तमान में विधायक हैं या पूर्व में प्रत्याशी दोनों पार्टियां उनके साथ-साथ टिकट के अन्य तलबगारों से भी संपर्क साध रही हैं, ताकि इस बात को सुनिश्चित किया जा सके कि चुनाव में जीत दिलाने की काबिलियत किस नेता में है। ऐसे में टिकट पाने के लिए नेताओं को इस बार एडी चोटी का जोर लगाना पड़ सकता है।