जिला स्तरीय रणभूमि पावर लिफ्टिंग चैलेंज प्रतियोगिता के विजेता वेट लिफ्टर मुख्यातिथि के साथ।
- फोटो : Chamba
चंबा। जिला स्तरीय रणभूमि पावर लिफ्टिंग चैलेंज प्रतियोगिता का आयोजन रणभूमि यूनिसेक्स जिम खज्जियार मार्ग सुल्तानपुर में हुआ। महिला और पुरुष वर्ग के लिए आयोजित वेट लिफ्टिंग प्रतियोगिता में 74 वेट लिफ्टरों ने भाग लिया। बतौर मुख्यातिथि हिमाचल प्रदेश पर्वतीय ग्रामीण बैंक के क्षेत्रीय प्रबंधक अनुराग जोशी ने शिरकत की। जिम संचालक शुभ कुमार ने बताया कि जिलास्तरीय प्रतियोगिता के प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान पर रहने वाले प्रतिभागी 25 और 26 सितंबर को जिला सोलन में आयोजित होने वाली राज्यस्तरीय प्रतियोगिता में दमखम दिखाएंगे।
बताया कि जिलास्तरीय रणभूमि पावर लिफ्टिंग चैलेंज प्रतियोगिता की विभिन्न श्रेणियों जैसे 60, 70, 80, 90 और 100 किलोग्राम वर्ग में 60 पुरुष वेट लिफ्टरों और महिलाओं के लिए निर्धारित विभिन्न श्रेणियों 60, 70 और 80 किलोग्राम वर्ग में 14 महिला वेट लिफ्टरों ने दमखम दिखाया। कहा कि विजेताओं को 3500 रुपये प्रथम पुरस्कार, 2500 रुपये द्वितीय पुरस्कार और 1500 रुपये तृतीय पुरस्कार के रूप में प्रदान किया गया। बताया कि महिला 60 किलोग्राम वर्ग में प्रथम नादिया, द्वितीय सुनीता और तृतीय स्थान पर मलिका रही। 70 किलोग्राम वर्ग में अनिशा और मनीषा क्रमश: प्रथम और द्वितीय, 80 किलोग्राम वर्ग में निशिता प्रथम और महक द्वितीय रही। पुरुष के 60 किलोग्राम वर्ग में अभिषेक, लतीफ और पारस ने क्रमश: पहला, दूसरा और तीसरा स्थान हासिल किया। 70 किलोग्राम वर्ग में नवु प्रथम, निखिल बेदी द्वितीय और रोहनदीप तृतीय स्थान पर रहे। 80 किलोग्राम वर्ग में सुनील प्रथम, पारस द्वितीय और मनीष तृतीय स्थान पर रहे।
90 किलोग्राम वर्ग में सिमरनजीत प्रथम, नवजोत द्वितीय और निखिल तृतीय रहे। सौ किलोग्राम वर्ग में इजात खान प्रथम, अभिषेक द्वितीय और लक्की ने तृतीय स्थान हासिल किया।