शिकायत के बाद सरकारी जमीन से हटाया अतिक्रमण, दोबारा कब्जा करने पर कार्रवाई की चेतावनी
शहर में सार्वजनिक भूमि की कमी को देखते हुए सख्त हुआ नगर परिषद प्रशासन, अवैध कब्जों पर रहेगी नजर
संवाद न्यूज एजेंसी
चंबा। शहर में सरकारी जमीन पर अवैध कब्जे करने वालों के खिलाफ नगर परिषद ने सख्ती शुरू कर दी है। जनसाली-आईटीआई मार्ग पर सरकारी भूमि पर बनाए गए टीन के शेड को नगर परिषद की टीम ने हटाकर जगह खाली करवा दी। शिकायत मिलने के बाद कर्मचारी मौके पर पहुंचे और अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की।
शहर में पहले ही सार्वजनिक उपयोग के लिए उपलब्ध जमीन सीमित है। ऐसे में सरकारी भूमि पर अवैध कब्जे होने से सार्वजनिक स्थानों और आवाजाही की व्यवस्था प्रभावित होती है। इसे देखते हुए नगर परिषद ने स्पष्ट किया है कि सरकारी संपत्ति पर किसी भी तरह का अनधिकृत निर्माण बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। संबंधित लोगों को स्वयं अतिक्रमण हटाने की हिदायत भी दी गई है। इसके बावजूद नियमों की अनदेखी करने वालों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई होगी।
नगर परिषद चंबा की वरिष्ठ कार्यकारी अधिकारी राखी कौशल ने बताया कि जनसाली-आईटीआई मार्ग पर किए गए अतिक्रमण को हटा दिया गया है। उन्होंने चेतावनी दी कि सरकारी जमीन पर दोबारा कब्जा करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।