निकासी नालियों में गंदगी और दूषित पानी की शिकायत, जल शक्ति विभाग को जल्द समाधान के निर्देश
बाजार के दौरे के दौरान दुकानदारों ने बताई परेशानी, नालियों के बीच से गुजर रही पेयजल पाइपलाइनों में लीकेज से बढ़ी चिंता
संवाद न्यूज एजेंसी
चंबा। शहर के बाजारों में बुनियादी सुविधाओं की स्थिति जानने के लिए सदर विधायक नीरज नैय्यर ने दुकानदारों और स्थानीय लोगों से मुलाकात की। इस दौरान लोगों ने निकासी नालियों की बदहाली और घरों व दुकानों तक पहुंच रहे दूषित पेयजल का मुद्दा प्रमुखता से उठाया। शिकायतों पर विधायक ने जल शक्ति विभाग के अधिशासी अभियंता से फोन पर बात कर समस्या के जल्द समाधान के निर्देश दिए।
दुकानदारों ने बताया कि बाजार की निकासी नालियों में जगह-जगह गंदगी जमा है। नियमित सफाई न होने से आसपास दुर्गंध फैलती है और राहगीरों के साथ दुकानदारों को भी परेशानी झेलनी पड़ती है। लोगों ने पेयजल की गुणवत्ता को लेकर भी चिंता जताई। उनका कहना था कि निकासी नालियों के बीच से पेयजल पाइपलाइन गुजर रही है। इनमें लीकेज होने पर गंदा पानी पाइपों में पहुंचने की आशंका रहती है। कई बार घरों और दुकानों में गंदला पानी पहुंचने की शिकायत भी सामने आती है।
विधायक नीरज ने पेयजल पाइपलाइनों में लीकेज की समस्या को प्राथमिकता से दूर करने और स्वच्छ पानी की आपूर्ति सुनिश्चित बनाने के निर्देश दिए। उन्होंने शहर की निकासी व्यवस्था को भी दुरुस्त करने पर जोर दिया, ताकि दुकानदारों और आम लोगों को रोजमर्रा की परेशानियों से निजात मिल सके।