चंबा। जिले के बेरोजगारों और विद्यार्थियों को एक ही जगह काउंसलिंग, कॅरिअर गाइडेंस, प्रशिक्षण समेत कॅरिअर संबंधी ऑनलाइन सहायता मिल सकेगी। बालू में मॉडल कॅरिअर सेंटर भवन का निर्माण शुरू हो गया है।
लोक निर्माण विभाग यह काम करवा रहा है। अक्तूबर 2022 तक आधुनिक सुविधाओं से लैस भवन का काम पूरा हो जाएगा। एक ही छत के नीचे बेरोजगारों और छात्र-छात्राओं तमाम सुविधाएं मिलेंगी। इसके अलावा विद्यार्थियों को कॅरिअर काउंसलिंग की सुविधा रहेगी। इससे विद्यार्थी कोर्सों के जरिये भविष्य संवार सकेंगे।
मॉडल कॅरिअर सेंटर के निर्माण को लेकर औपचारिकताएं इसी साल पूरी हुईं। बहरहाल अब निर्माण कार्य युद्धस्तर पर जारी है। इस भवन के निर्माण में करीब साढ़े तीन करोड़ की राशि व्यय की जा रही है। अभ्यर्थियों को सभी सेवाएं नेशनल कॅरिअर सर्विसेज का मार्गदर्शन भी यहां मिलेगा। गौरतलब है कि इससे पहले रंगमहल चंबा में रोजगार कार्यालय चल रहा है। यहां परिसर ज्यादा बड़ा नहीं है। ऐसे में अब इस भवन के निर्माण से स्टाफ समेत बेरोजगारों को तमाम सुविधाएं मिलेंगी। यह मिलेगी सुविधाएं
मॉडल कॅरिअर सेंटर में अभ्यर्थियों और युवाओं को आईटी लैब, हेल्प डेस्क, काउंसलिंग-काउंसलर रूम, ट्रेनिंग रूम, रेजिस्ट्रेशन मैनेजर कक्ष और भवन की दूसरी मंजिल में ग्रुप डिस्कशन रूम, काउंसलिंग रूम, काउंसलर रूम सहित लिफ्ट की व्यवस्था होगी। सेंटर सभी आधुनिक सुविधाओं से लैस होगा।
चढ़ाई से भी मिलेगा छुटकारा
शहर के बीचोंबीच चल रहे रोजगार कार्यालय में बच्चों को पैदल आवाजाही करनी पड़ रही है। मगर बालू में भवन निर्माण हो जाने के बाद उन्हें सड़क किनारे ही यह सुविधा मिलेगी। इससे उनकी आवाजाही का समय भी बचेगा।
अगले साल अक्तूबर तक काम होगा पूरा
लोक निर्माण विभाग चंबा के अधिशासी अभियंता जीत सिंह ठाकुर ने बताया कि साढ़े तीन करोड़ रुपये की राशि से भवन निर्माण करवाया जा रहा है। अक्तूबर 2022 तक यह कार्य पूरा कर लिया जाएगा।
विद्यार्थी भी होंगे लाभान्वित
जिला रोजगार अधिकारी चंबा अरविंद सिंह चौहान ने बताया कि बालू में मॉडल कॅरिअर सेंटर का निर्माण कार्य चल रहा है। उन्होंने कहा कि इससे जिला के बेरोजगार युवाओं समेत विद्यार्थियों को काफी सुविधा मिलेगी।
छात्रा सुनैना ने बताया कि मॉडल कॅरिअर सेंटर की चंबा में काफी समय से दरकार थी। अभी अभ्यर्थियों को रंगमहल चंबा में काउंसलिंग करने जाना पड़ता है जो शहर के बीचोंबीच स्थित है लेकिन सड़क से दूर है।
छात्र प्रेम कुमार का कहना है कि मॉडल कॅरिअर सेंटर के शुरू होने से बच्चों को कॅरिअर संबंधित गाइडेंस आसानी से मिल जाएगी। इससे वह अपने रुचि के अनुसार भविष्य संवार सकते हैं।
छात्र हरीश मेहता का कहना है कि चंबा में अकसर विद्यार्थी एक दूसरे की देखा देखी में विषय चुन लेते हैं। इससे उन्हें बाद में दिक्कतें पेश आती हैं। सही गाइडेंस मिलने से यह समस्या खत्म होगी।
छात्रा कामिनी शर्मा का कहना है कि मॉडल कॅरिअर सेंटर के निर्माण से आईटी लैब और कॅरिअर गाइडेंस के साथ अन्य सुविधाएं भी मिलेंगी। इससे चंबा के छात्र-छात्राओं और बेरोजगारों को लाभ होगा।
छात्रा खुशबू का कहना है कि कॅरिअर सेंटर की व्यवस्था होने से विद्यार्थियों को विषय चुनने में आसानी होगी। वे किस तरह अपना कॅरिअर संवार सकते हैं इसकी जानकारी मिल जाएगी।
छात्र ओम ठाकुर का कहना है कि सेंटर में काउंसलर समेत यंग प्रोफेशनल होंगे, जो कॅरिअर गाइडेंस के साथ-साथ इंटरव्यू को कैसे फेस करना है के बारे में जानकारी देंगे। इससे उनकी झिझक कम होगी।
बालू में निर्माणाधीन मॉडल करिअर सैंटर।- फोटो : Chamba