जुकयानी में संदिग्ध हालात में मिले ढाबा मालिक के शव के मामले में पुलिस ने तेज की जांच
संवाद न्यूज एजेंसी
चुराह (चंबा)। जुकयानी में संदिग्ध परिस्थितियों में ढाबा मालिक नेगी राणा का शव मिलने के मामले में पुलिस जांच आगे बढ़ाने के लिए मोबाइल फोन की मदद लेगी। पुलिस ने घटनास्थल से एक मोबाइल फोन बरामद किया है। अब इसकी जांच के आधार पर मौत से जुड़े अहम सुराग जुटाने का प्रयास किया जाएगा।
पुलिस मोबाइल फोन में दर्ज कॉल डिटेल और अन्य जानकारी खंगालेगी। खासतौर पर यह पता लगाया जाएगा कि घटना से पहले या अंतिम समय में किससे बातचीत हुई थी। इसके अलावा फोन से जुड़े अन्य तकनीकी साक्ष्यों की भी जांच की जाएगी। पुलिस को उम्मीद है कि मोबाइल की जांच से मृतक के संपर्क में रहे लोगों और घटना से पहले की गतिविधियों की जानकारी मिल सकती है। इससे मामले की गुत्थी सुलझाने और संदिग्धों तक पहुंचने में मदद मिल सकती है।
पुलिस ने मोबाइल फोन को कब्जे में लेकर जांच के लिए सुरक्षित रखा है। वहीं, घटनास्थल से फोरेंसिक टीम ने भी जरूरी साक्ष्य एकत्रित किए हैं। पुलिस इन साक्ष्यों और मोबाइल से मिलने वाली जानकारी को आपस में जोड़कर जांच को आगे बढ़ाएगी। मृतक अपने पीछे पत्नी और दो बच्चों को छोड़ गया है।