चंबा मिंजर मेला शोभायात्रा के दौरान सदर विधायक नीरज नैयर।संवाद
मिंजर मेले का पहली बार विधायक के हाथों हुआ समापन
मुख्यमंत्री शिमला से चंबा के लिए नहीं भर पाए उड़ान, खराब रहा मौसम
चंबा के लोगों को मुख्यमंत्री से किसी बड़े तोहफे को लेकर थी उम्मीद
संवाद न्यूज एजेंसी
चंबा। अंतरराष्ट्रीय मिंजर मेले में यह पहला मौका है, जब अंतरराष्ट्रीय स्तर का दर्जा होने के बाद किसी विधायक के हाथ से मेले का समापन हुआ हो। मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू शिमला से चंबा नहीं पहुंच पाए। शनिवार को आयुष मंत्री यादविंद्र गोमा मिंजर मेला की सांस्कृतिक संध्या में मुख्यातिथि थे। वह रविवार सुबह चंबा से रवाना हो गए। ऐसे में जब ऐतिहासिक मिंजर मेले का समापन करने के लिए मुख्यमंत्री चंबा नहीं पहुंच पाए तो उनके स्थान पर समापन के लिए कोई भी कैबिनेट मंत्री नहीं बचा। ऐसे में सदर के विधायक को मुख्यातिथि बनाया गया।
रविवार को मिंजर की अंतिम सांस्कृतिक संध्या में मुख्यमंत्री ने बतौर मुख्यातिथि शामिल होना था, लेकिन मौसम ने मुख्यमंत्री के हेलिकाप्टर को उड़ान नहीं भरने दी। सदर के विधायक नीरज नैय्यर और मिंजर मेला आयोजन समिति शिमला संपर्क बनाकर जानकारी लेते रहे कि मुख्यमंत्री कब उड़ान भरेंगे। यही जानकारी मिली कि मुख्यमंत्री और विधानसभा अध्यक्ष तैयार हैं। धुंध छंटते ही चॉपर शिमला से उड़ान भरेगा। मुख्यमंत्री ने चंबा में शिलान्यास और उद्घाटन करने थे। लोगों को आस थी कि मुख्यमंत्री चंबा को कोई बड़ी सौगात देंगे, लेकिन उनकी यह आस पूरी नहीं हो पाई।