तीन साल बाद भी पूरी नहीं हो पाई तीन करोड़ रुपये की सीवरेज परियोजना
लोगाें के लिए परेशानी का सबब बन गया है अधूरा निर्माण कार्य
संवाद न्यूज एजेंसी
मैहला (चंबा)। लोगों को बेहतर सीवरेज सुविधा देने के उद्देश्य से शुरू की गई करीब नौ करोड़ रुपये की सीवरेज परियोजना मैहला में तीन साल बाद भी पूरी नहीं हो पाई है।
सुविधा मिलने का इंतजार कर रहे लोगों के लिए अब अधूरा निर्माण कार्य ही सबसे बड़ी समस्या बन गया है। सीवरेज लाइन बिछाने के लिए खोदी गई सड़क की हालत बद से बदतर हो चुकी है। जगह-जगह पड़े गड्ढों, उखड़ी सड़क और बहते पानी के कारण लोगों का पैदल चलना भी मुश्किल हो गया है। करीब पांच किलोमीटर क्षेत्र में बिछाई जाने वाली सीवरेज लाइन का कार्य धीमी गति से चल रहा है। स्थानीय लोगों का कहना है कि कई दिनों से काम जारी है लेकिन जिस रफ्तार से कार्य आगे बढ़ रहा है, उससे परियोजना के जल्द पूरा होने की उम्मीद कम नजर आ रही है। भरमौर और छतराड़ी क्षेत्रों में सीवरेज परियोजना का कार्य पूरा हो चुका है और मैहला क्षेत्र के लोग अभी भी इस सुविधा से वंचित हैं।
जल शक्ति विभाग के मनोज कुमार ने बताया कि सीवरेज परियोजना का कार्य चल रहा है। उन्होंने कहा कि कार्य को जल्द पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है।
तीन साल पहले सीवरेज का काम शुरू हुआ था। उम्मीद थी कि जल्द सुविधा मिलेगी लेकिन आज तक काम पूरा नहीं हुआ। सड़क की हालत खराब होने से परेशानी और बढ़ गई है। - कार्तिकेय कटोच
बरसात के मौसम में घर से निकलना मुश्किल हो जाता है। सड़क पर पानी और कीचड़ जमा रहता है। बच्चों और बुजुर्गों को सबसे ज्यादा दिक्कत होती है। - पंचम बट्टू
अधूरे काम और खराब सड़क का असर दुकानों पर भी पड़ रहा है। दुकान तक पहुंचना मुश्किल हो रहा है। सड़क प्रतिदिन खस्ताहाल होती जा रही है। - अमर सिंह
गड्ढों वाली सड़क पर वाहन चलाना जोखिम भरा हो गया है। हर दिन डर लगा रहता है कि कहीं हादसा न हो जाए। सीवरेज का काम विभाग जल्द पूरा करे। - उमेश कुमार