होली (चंबा)। होली बाजार में 43 कब्जाधारियों की जमीन की पैमाइश की गई। इतना ही नहीं अब मंगलवार को जमीन की निशानदेही होगी। इसके बाद सरकारी भूमि पर कब्जे करने वालों को हाईकोर्ट के निर्देशानुसार हटाने के लिए विभाग का पीला पंजा चलेगा। हालांकि लोक निर्माण विभाग की ओर से एक सप्ताह पूर्व ही क्षेत्र के 43 कब्जाधारियों को नोटिस जारी कर अपने स्तर पर कब्जे हटाने के निर्देश जारी किए जा चुके हैं। इसकी मियाद पूरी होने पर विभागीय टीम मौके पर पहुंची।
गौर रहे कि हाईकोर्ट के आदेशानुसार सड़कों के साथ किए गए अतिक्रमणों को गिराने के लिए लोक निर्माण विभाग को निर्देश जारी किए गए हैं। इसी क्रम में लोक निर्माण विभाग होली की ओर से होली बाजार के 43 कब्जाधारियों को नोटिस जारी कर अपने कब्जों को स्वयं तोड़ने के बारे में चेताया जा चुका है। बावजूद इसके समयावधि पूर्ण होने के बाद भी कब्जों को नहीं हटाया गया। समयावधि पूर्ण होने पर सोमवार को नायब तहसीलदार होली, लोक निर्माण विभाग, वन विभाग और पुलिस विभाग की संयुक्त टीम मौके पर पहुंची। इस दौरान दुकानदारों और ग्रामीणों ने उनके कब्जे गिराने से पूर्व जमीन की पैमाइश करने का हवाला दिया। खैर लोगों की मांग पर नायब तहसीलदार के आदेशानुसार जमीन की पैमाइश की गई। मंगलवार को निशानदेही के बाद ही कब्जे गिराए जा सकते हैं।
भरमौर-पांगी विधायक डॉ. जनकराज ने बताया कि मामला ध्यान में लाया गया है। बताया कि कब्जाधारियों की जमीन की पैमाइश की गई है। न्यायालय के आदेशों का सभी आदर करते हैं।
नायब तहसीलदार होली प्रकाश चंद ने बताया कि लोगों की मांग के अनुसार जमीन की पैमाइश की गई है। अब मंगलवार को निशानदेही होगी। उसके बाद ही कब्जे हटाने का क्रम आरंभ होगा।