चंबा। उपायुक्त अपूर्व देवगन ने खज्जियार में ग्रामीण विकास अभिकरण के सौजन्य से आयोजित किए जा रहे आजीविका मेले का विधिवत समापन किया। मेले का आयोजन प्रसिद्ध खज्जी नाग मेले के साथ संयुक्त रूप से आयोजित किया गया था। उपायुक्त ने कहा कि स्वयं सहायता समूहों के माध्यम से महिलाओं की आर्थिकी को सशक्त बनाने के लिए इस तरह के आयोजन जिले के विभिन्न स्थानों में किए जाएंगे।
उन्होंने जिला ग्रामीण विकास अभिकरण के परियोजना अधिकारी को आवश्यक कार्यवाही के निर्देश भी जारी किए। उन्होंने यह भी कहा कि स्वयं सहायता समूहों के उत्पादों को बेहतर मार्केटिंग व्यवस्था उपलब्ध करवाने के लिए जिला प्रशासन की ओर से ऑनलाइन प्लेटफॉर्म की सुविधा भी प्रदान की गई है। इस दौरान विभिन्न स्वयं सहायता समूहों की ओर से कुल 4.56 लाख की राशि के उत्पाद बिक्री किए गए। उपायुक्त ने स्वयं सहायता समूहों को प्रशस्ति पत्र भेंट कर सम्मानित भी किया। उन्होंने इस दौरान आर्ट एंड क्राफ्ट सेंटर खज्जियार का निरीक्षण भी किया। इस अवसर पर परियोजना अधिकारी जिला ग्रामीण विकास अभिकरण विनोद कुमार, परियोजना निदेशक एनआरएमएल महेश कुमार, स्थानीय पंचायत प्रधान देशराज शर्मा सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी और गण्यमान्य लोग उपस्थित रहे ।