पहलगाम में आतंकी हमले से गुस्सा कारोबारियों और दुकानदारों ने किया प्रदर्शन
केंद्र सरकार से उठाई मांग, हमले का दिया जाए जवाब
संवाद न्यूज एजेंसी
डलहौजी (चंबा)। पर्यटन नगरी डलहौजी में बुधवार को जम्मू-कश्मीर के पहलगांम में हुए जघन्य आतंकी हमले के विरोध में सभी व्यापारिक प्रतिष्ठान दोपहर 12:00 बजे तक बंद रहे। इस हमले से आक्रोशित लोगों ने एकजुट होकर विरोध-प्रदर्शन किया। इस दौरान स्थानीय व्यापारियों की अगुवाई में गांधी चौक से एक विशाल रोष रैली निकाली गई, जो ठंडी सड़क, सुभाष चौक, पतरैणी चक्र से होकर पुनः गांधी चौक पर संपन्न हुई।
रैली में व्यापारियों के अलावा पर्यटक, तिब्बती समुदाय और विभिन्न सामाजिक संगठनों के सदस्य भी शामिल हुए। प्रदर्शनकारियों ने पाकिस्तान मुर्दाबाद और शहीदों को श्रद्धांजलि जैसे नारे लगाए और सरकार से इस हमले का माकूल जवाब देने की मांग की। व्यापार मंडल के प्रतिनिधियों ने कहा कि इस कायराना हमले ने पूरे देश को झकझोर दिया है और अब वक्त आ गया है कि केंद्र सरकार निर्णायक कार्रवाई करें। रैली शांतिपूर्ण रही और लेकिन जनभावनाओं में गहरा आक्रोश देखा गया।