पहलगाम में हुए आतंकी हमले के बाद संसारी नाला चेक पोस्ट पर अलर्ट जारी
पुलिस चेकपोस्ट से बिना चेकिंग के नहीं मिलेगा किसी भी गाड़ी-व्यक्ति को नहीं मिलेगा प्रवेश
संवाद न्यूज एजेंसी
पांगी (चंबा)। जम्मू-कश्मीर की सीमा से सटे पांगी क्षेत्र में अब पहचान पत्र दिखाने पर ही संसारी नाला चेक पोस्ट समेत अन्य सीमांत चौकियों से किलाड़ के लिए एंट्री मिलेगी। पहलगाम में हुए आतंकी हमले के बाद संसारी नाला चेक पोस्ट पर अलर्ट जारी किया गया है। इसके अलावा जेएंडके से मेहनत-मजदूरी करने, दिहाड़ी लगाने के लिए पांगी में आने वाले श्रमिकों समेत ठेकेदार की ओर से लेबर लाने पर उनके आधार कार्ड, राशन कार्ड समेत उनका पूरा विवरण पुलिस थाना किलाड़ में पंजीकृत करवाना होगा। तभी जाकर उन्हें पांगी में रहने समेत काम करने का मौका मिलेगा।
जम्मू-कश्मीर में हुई आतंकी घटना के बाद पांगी के सीमांत क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था को बढ़ा दिया गया है। पुलिस चौकियों और चेकपोस्ट पर पुलिस बल मुस्तैदी से हर वाहन की गहनता से छानबीन करने के बाद ही अब लोगों को किलाड़ की सीमा में प्रवेश करने दे रहा है। इसके अलावा पुलिस गश्त भी बढ़ाई गई है। इसी क्रम में अब बिना आई कार्ड के चेकपोस्ट संसारी नाला से किसी भी अंजान को प्रवेश नहीं मिलेगा। वीरवार को सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेने के लिए पुलिस थाना प्रभारी पांगी ने चेकपोस्ट में पहुंच कर तैनात जवानों को जरूरी दिशा-निर्देश जारी किए।
इनसेट
संसारी नाला से किलाड़ की ओर आने वाले हरेक वाहन चालक और व्यक्ति को अपना आई कार्ड दिखाने पर ही प्रवेश मिलेगा। बताया कि जम्मू-कश्मीर से लेबर का काम करने के लिए आने वाले लोगों या ठेकेदार को लेबर लाने पर उनके आधार कार्ड, राशन कार्ड के आधार पर श्रमिकों को पुलिस थाना में पंजीकृत करवाना होगा। ऐसा न करने वालों पर नियमानुसार कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।
-जोगेंद्र सिंह जरयाल, एसएचओ पांगी