भरमौर मार्ग पर जांघी में फंस श्रद्धालु। संवाद
चंबा। भारी बारिश के चलते जिला प्रशासन ने सोमवार को आगामी आदेशों तक मणिमहेश यात्रा को स्थगित करने के आदेश जारी किए हैं। प्रशासन ने आदेश दिए कि जब तक हालात सामान्य नहीं हो जाते, तब तब किसी को भी डल झील की यात्रा पर जाने की अनुमति नहीं दी जाएगी। इसके लिए जिलाधीश ने पुलिस अधीक्षक को आदेशों की पालना करवाने के निर्देश दिए हैं। साथ ही जिले के सीमांत क्षेत्रों में तैनात सुरक्षा बलों को भी यह निर्देश दिए हैं कि बाहरी राज्यों से आने वाले मणिमहेश यात्रियों को न आने दें। उन्हें वापस जाने के लिए कहें या फिर हालात सामान्य होने तक सुरक्षित स्थान पर ठहरने के लिए कहें। इतना ही नहीं, जिलाधीश ने पठानकोट, डोडा, जम्मू, किश्तवाड़ और कांगड़ा के जिलाधीशों को भी अवगत करवा दिया है कि वे अपने क्षेत्र में एडवाइजरी जारी करके लोगों को मणिमहेश यात्रा पर मौजूदा समय में न जाने की जानकारी दें।
इसी तरह इन जिलों के पुलिस अधीक्षकों को सूचित किया है। उपायुक्त ने विकास खंड अधिकारी चंबा, भटियात, मेहला और भरमौर को निर्देश दिए हैं कि वे चंबा-पठानकोट एनएच पर फंसे मणिमहेश यात्रियों के ठहरने की व्यवस्था करेंगे। इस मार्ग पर जहां पर भी यात्री फंसे हैं, उनकी जानकारी जुटाकर रहने की व्यवस्था करवाएंगे। लोक निर्माण विभाग, बिजली बोर्ड और जल शक्ति विभाग शीघ्र अतिशीघ्र बंद पड़ी जरूरी सेवाओं को सुचारु करवाएं।
उन्होंने जिले के सभी एसडीएम को निर्देश दिए हैं कि वे इस बात को सुनिश्चित करें कि उनके क्षेत्र से मणिमहेश के लिए यात्री न निकलें। जहां पर यात्री हैं, वहां से उन्हें या तो वापस भेजा जाए या फिर सुरक्षित स्थान पर ठहराया जाए।
जब तक मौसम साफ नहीं हो जाता। तब तक यह मणिमहेश यात्रा पर रोक रहेगी। जैसे ही हालात सामान्य होंगे, यात्रा को सुचारु करवाया दिया जाएगा। फिलहाल यात्रियों की सुरक्षा को देखते हुए यात्रा को बंद किया है। पुलिस, एनडीआरएफ और एसडीआरएफ को रेस्क्यू के लिए मुस्तैद रहने के निर्देश दिए हैं। मुकेश रेपसवाल, उपायुक्त
भरमौर मार्ग पर जांघी में फंस श्रद्धालु। संवाद