चंबा की ग्राम पंचायत कपाहड़ा में बिजली गिरने से लाखों रुपये का नुकसान हुआ है। वीरवार सुबह बारिश के बीच अचानक बिजली स्कूल के पास पेड़ गिरी जिस कारण मिडल स्कूल घ्राणी के भवन में दरारें आ गई। और बिजली का मीटर व वायरिंग राख हो गई।
घटना सुबह तड़के छह बजे हुई। जिस कारण जान का कोई नुकसान नहीं हुआ है। गांव में भी लोगों के घरों में बिजली के उपकरण जल गए। लोगों ने घटना की सूचना पंचायत उपप्रधान के माध्यम से बिजली बोर्ड को दी तथा बिजली का कनेक्शन कटवाया। गांव घ्राणी व कलेई में लोगों के घरों की वायरिंग, फ्रिज, टीवी, पंखे तथा अन्य बिजली के उपकरण जल गए। जिससे करीब साढे़ पांच से छह लाख रुपये का नुकसान हुआ है।
सूचना मिलते ही बिजली बोर्ड के कर्मचारी ने मौके पर आकर बिजली के कनेक्शन काटे। लोगों का कहना है कि अगर बिजली स्कूल के समय में गिरी होती तो एक बड़ा हादसा हो सकता था। गांव के भगत राम, कैलाश, केशव, छज्जू, लच्छो राम व अन्य लोगों के घरों में नुकसान हुआ है। जिस स्थान पर बिजली गिरी है, उस स्थान पर चीड़ का पेड़ भी गिर गया है। लोगों ने जिला प्रशासन से मुआवजे की गुहार लगाई है। पातो राम, उपप्रधान कपाहड़ा पंचायत ने बताया कि सुबह तड़के छह बजे आसमानी बिजली गिरने से स्कूल के भवन में दरारें आई है तथा मीटर भी जला है। इसके अलावा गांववासियों के मीटर व अन्य उपकरण भी जले हैं।