चंबा। जिले में चौथे दिन भी जिंदगी पटरी पर नहीं लौट पाई। मूसलाधार बारिश और भारी बर्फबारी से लोगों की दुश्वारियां कम होने का नाम नहीं ले रही हैं। शनिवार को मैहला के पास भरमौर-पठानकोट एनएच सहित 95 सड़कों पर यातायात व्यवस्था ठप रही। पहाड़ों के दरकने से आवाजाही करने वाले लोगों को वाहनों में बैठकर ही सड़कों के बहाल होने तक इंतजार करना पड़ा। वहीं, कबायली क्षेत्र पांगी सहित जिले में 84 ट्रांसफार्मर बंद रहने से लोग ठंड में ठिठुरने के लिए मजबूर दिखे। बर्फबारी से 17 पेयजल योजनाएं प्रभावित होने से लोगों को बर्फ पिघलाकर पानी पीना पड़ रहा है। कुल मिलाकर अब मूसलाधार बारिश और बर्फबारी लोगों की दिक्कतें बढ़ा रही है।
मूसलाधार बारिश और चोटियों पर बर्फबारी से निचले क्षेत्रों में शीत लहर बढ़ गई है। कबायली क्षेत्र पांगी में 90 सेमी के करीब बर्फबारी के कारण सभी सड़कें बंद होने से लोगों को पैदल आवाजाही करनी पड़ रही है। जबकि, बसें किलाड़ स्थित बस स्टैंड में ही खड़ी हैं। वहीं, पांगी में 23 ट्रांसफार्मर बंद पड़ने से दर्जनों गांव के लोग अंधेरे में ही रहने को मजबूर हैं। बारिश और बर्फबारी से 95 मार्ग बंद पड़ गए। पांगी में 43, तीसा में 17, भरमौर में 12, चंबा में 10, सलूणी में 8, डलहौजी में 5 मार्ग बाधित हो गए।
मकान धराशायी, पड़ोसियों के घरों में ली शरण
उपमंडल सलूणी निवासी परवेश कुमार पुत्र पुन्नू राम निवासी धाला परगना हिमगिरी और उपमंडल भटियात निवासी हुक्म सिंह और रंजीत सिंह पुत्र पुन्नू राम निवासी हटली के कच्चे मकान क्षतिग्रस्त हुए। मकानों के क्षतिग्रस्त होने से अब प्रभावित पड़ोसियों के घरों में शरण लेकर रहने को मजबूर हैं। भटियात प्रशासन की ओर से हुक्म सिंह और रंजीत को 2500-2500 रुपये की राहत राशि जारी की गई। वहीं, उपमंडल चंबा निवासी महंतो पुत्र रिशु गांव सरोथ पटवार सर्किल गुराड़ की सुरक्षा दीवार बारिश से ढह गई। इससे अब प्रभावित को हर पल चिंता सता रही है। उपमंडल सलूणी निवासी चिंद्रा पुत्र पृथु निवासी पद्धरी मुहाल जुलारा की गोशाला बारिश की भेंट चढ़ गई। प्रभावित को 50 हजार का नुकसान उठाना पड़ा।
भाबला में गोशाला क्षतिग्रस्त
उपमंडल चुराह की ग्राम पंचायत हरतवास के बाक निवासी हुसैन वेग के मकान के आंगन का डंगा गिरने से मकान को खतरा उत्पन्न हो गया है। जबकि, चुराह उपमंडल की पंचायत भाबला के देहरा निवासी नरेण सिंह की भारी बारिश के कारण गोशाला क्षतिग्रस्त हो गई। गनीमत रही कि समय रहते प्रभावित ने गोशाला में बंधे अपने मवेशियों को बाहर निकाल लिया।
आहला से आगे न जाएं सैलानी
पुलिस ने पर्यटन नगरी डलहौजी से वाया लक्कड़मंडी होकर खज्जियार जाने वाले लोगों को आहला से आगे न जाने की हिदायत दी है। पुलिस आहला से ही पर्यटक वाहनों को वापस भेज रही है। वहीं, दूसरी और लोनिवि मंडल चंबा ने बर्फबारी के कारण चंबा-वाया जोत चुवाड़ी का सफर करने की बजाय वाया बनीखेत जाने की सलाह दी है।
उपायुक्त डीसी राणा ने कहा कि मौसम विभाग के पूर्वानुमान को लेकर दो दिन का अलर्ट जारी किया गया है। कहा कि बेवजह लोग घरों से बाहर निकलने से परहेज करें।