नागरिक अस्पताल तीसा में स्वास्थ्य मेले के दौरान लगाई गई प्रदर्शनी का अवलोकन करते विधानसभा उपाध?
- फोटो : Chamba
तीसा (चंबा)। नागरिक अस्पताल तीसा में स्वास्थ्य विभाग की ओर से आजादी का अमृत महोत्सव के तहत एक दिवसीय स्वास्थ्य मेले का शुभारंभ हुआ। इस मौके पर विस उपाध्यक्ष हंसराज विशेष रूप से मौजूद रहे। मेले में दूरदराज क्षेत्र से पहुंचे लोगों की स्वास्थ्य जांच की गई। साथ ही आयुष्मान कार्ड, हिम केयर कार्ड और सहारा योजना के लिए सौ लोगों को पंजीकृत किया गया।
विस उपाध्यक्ष ने बताया कि प्रदेश के दूरदराज क्षेत्रों में स्वास्थ्य सुविधाएं घर-द्वार उपलब्ध करवाने के उद्देश्य से मुख्यमंत्री मोबाइल क्लीनिक योजना आरंभ की गई है। इसके माध्यम से विधानसभा क्षेत्र के हर गांव में उचित चिकित्सा सुविधा उपलब्ध करवाई जा रही है। इस दौरान उन्होंने लोगों को आश्वासन देते हुए कहा कि नागरिक अस्पताल तीसा में आईजीएमसी और टांडा मेडिकल कॉलेज के चिकित्सा विशेषज्ञों का बहु स्पेशलिस्ट कैंप आयोजित किया जाएगा। कार्यक्रम में डॉ. हंसराज ने नागरिक अस्पताल तीसा की व्यवस्था को भी जांचा।
उन्होंने बेटियों की शिक्षा को अधिक गुणवत्ता प्रदान करने के लिए कन्या उच्च महाविद्यालय खोलने की मांग को मुख्यमंत्री के समक्ष रखने की भी बात कही। इस दौरान विस उपाध्यक्ष ने मेले में लोगों की स्वास्थ्य संबंधी सुविधाओं के लिए लगाए गए स्टाल का अवलोकन भी किया। कार्यक्रम में खंड चिकित्सा अधिकारी डॉ. ऋषि पुरी ने विधानसभा उपाध्यक्ष को शॉल, टोपी और चंबा थाल भेंट कर सम्मानित भी किया।