पीएम किसान सहित सभी योजनाओं का मिलेगा लाभ, चंबा में विशेष अभियान शुरू
छूटे हुए किसानों को सरकारी योजनाओं से जोड़ने पर कृषि विभाग का फोकस
संवाद न्यूज एजेंसी
चंबा। सरकार की किसान कल्याण योजनाओं का लाभ हर पात्र किसान तक पहुंचाने के उद्देश्य से जिले में विशेष किसान रजिस्ट्री अभियान शुरू किया गया है।
यह अभियान जिले के सभी विकास खंडों में 31 अगस्त तक चलाया जाएगा। अभियान के तहत विशेष रूप से उन किसानों की फार्मर रजिस्ट्री करवाई जा रही है जिन्हें सरकार की ओर से भूमि के पट्टे आवंटित किए गए हैं। वे अभी तक किसान डाटाबेस और विभिन्न सरकारी योजनाओं से नहीं जुड़ पाए हैं।
किसान रजिस्ट्री भविष्य की सभी कृषि एवं किसान कल्याण योजनाओं का आधार बनेगी। प्रत्येक पात्र किसान का पंजीकरण जरूरी है। रजिस्ट्री के बाद किसानों को प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना, कृषि अनुदान, बीज एवं उर्वरक सहायता, फसल सुरक्षा और अन्य कई सरकारी सुविधाओं का लाभ लेने में आसानी होगी।
जिले में करीब 77 हजार किसान पंजीकृत हैं। इनमें लगभग 47 हजार किसान प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना से जुड़े हैं। इनकी किसान रजिस्ट्री पहले ही की जा चुकी है। अब कृषि विभाग का लक्ष्य शेष किसानों, विशेषकर पट्टा धारक किसानों को भी इस व्यवस्था से जोड़ना है। किसानों को रजिस्ट्री के लिए नजदीकी लोक मित्र केंद्र में जाकर आधार आधारित सत्यापन करवाना होगा। आधार कार्ड का मोबाइल नंबर से लिंक होना अनिवार्य है। सत्यापन प्रक्रिया पूरी होने के बाद किसान को एक विशिष्ट किसान पहचान (फार्मर आईडी) दी जाएगी।
कृषि विभाग के उपनिदेशक डॉ. भूपेंद्र सिंह ने बताया कि जिले के सभी विकास खंडों में किसान रजिस्ट्री के लिए अभियान 31 अगस्त तक जारी रहेगा। जिन किसानों की अभी रजिस्ट्री नहीं हुई है, वे आधार कार्ड और आधार से जुड़े मोबाइल नंबर के साथ नजदीकी लोक मित्र केंद्र में जाकर पंजीकरण करवाएं।