बनीखेत (चंबा)। राष्ट्रीय राजमार्ग 154ए पर वैली के समीप एक तीखे मोड़ पर पिछले एक सप्ताह से परिवहन निगम की एक खराब बस खड़ी होने से दुर्घटना का खतरा बढ़ गया है। स्थानीय लोगों और इस मार्ग से गुजरने वाले वाहन चालकों ने बस को जल्द सुरक्षित स्थान पर हटाने की मांग की है। स्थानीय निवासियों राकेश कुमार, सन्नी, मुकेश कुमार, दीपक कुमार, अनिल सिंह और रुमाल सिंह ने कहा कि बस करीब एक सप्ताह पहले खराब हुई थी। अब तक उसे नहीं हटाया है। तीखे मोड़ पर बस खड़ी होने से सड़क संकरी हो गई है। लोगों के अनुसार कई बार दुर्घटनाएं होते-होते बची हैं जबकि दो वाहनों को नुकसान भी पहुंच चुका है। वीरवार को मेकेनिक बस को ठीक करने के लिए पहुंचे थे लेकिन बस को चालू नहीं किया जा सका। स्थानीय लोगों ने एचआरटीसी प्रबंधन से मांग की है कि बस को वहां से हटाकर सुरक्षित स्थान पर खड़ा किया जाए। उधर, एचआरटीसी के डीडीएम शुगल सिंह ने बताया कि जल्द ही बस की मरम्मत करवा कर उसे वहां से हटा लिया जाएगा। संवाद