चंबा। जिले के सराहन-चुवाड़ा-डाडर और डाडर से सतलेई तक सड़क निर्माण कार्य अधर में लटका हुआ है। अब भूस्खलन के कारण सड़क कटिंग से ग्रामीणों की जमीनें धंसने लगी हैं। ग्रामीणों ने प्रशासन और सांसद से सुरक्षा दीवार लगाने की मांग की है, ताकि उनकी ज़मीनों की सुरक्षा सुनिश्चित हो सके।
ग्रामीणों के मुताबिक सड़क का निर्माण होने से गुवाड़, सराहन, बाट, उटीप, कुम्हारका और लुड्डू पंचायतों को लाभ होगा। ग्रामीणों ने सड़क बनने की आस में अपनी जमीन की कटिंग करवा दी। अब इससे उनकी जमीन को नुकसान का खतरा पनप रहा है।
ग्रामीण मनोहर लाल, रविंद्र कुमार, अशोक कुमार, संजीव कुमार नरेश कुमार ने बताया कि सड़क के लिए 700 मीटर का काम ही शेष बचा हुआ है, लेकिन बीते दिनों हुए भूस्खलन ने उनकी परेशानी बढ़ा दी है। अगर समय रहने सुरक्षा दीवार नहीं लगवाई तो उनकी सारी जमीन धंस जाएगी। उधर, लोक निर्माण विभाग चंबा के अधिशासी अभियंता दिनेश कुमार ने बताया कि कनिष्ठ अभियंता को मौके पर भेज कर स्थिति का जायजा लिया जाएगा। उसके बाद ही उचित कदम उठाए जाएंगे।