सलूणी (चंबा)। सलूणी कॉलेज की अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) की इकाई के कार्यकर्ताओं ने कॉलेज की विभिन्न समस्याओं को लेकर विधायक डीएस ठाकुर से औपचारिक रूप से मुलाकात की। सदस्यों ने बताया कि कॉलेज के मुख्य द्वार के सामने जमीन धंस गई है, इसको लेकर जल्द राहत कार्य शुरू किए जाएं।
इसके अलावा कॉलेज में विज्ञान संकाय की कक्षाएं शुरू की जाएं और रिक्त पदों को शीघ्र भरा जाए। कला संकाय भवन का अधूरा कार्य शीघ्र पूर्ण हो। कॉलेज के लिए नए क्रीड़ा मैदान के निर्माण की आवश्यकता है, जबकि सांस्कृतिक और शैक्षणिक आयोजनों के लिए कार्यक्रम मंच का निर्माण किया जाए। उन्होंने कहा कि कॉलेज में बहुउद्देशीय हाल बनाया जाए और दूर-दराज से आने वाले छात्रों के लिए नियमित बस सेवा शुरू की जाए। इस अवसर पर एबीवीपी इकाई अध्यक्ष अजय ठाकुर, तहसील संयोजक विशाल वर्मा, उपाध्यक्ष पीयूष राणा, सोशल मीडिया प्रमुख प्रत्यूष कश्मीरी, और अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे। विधायक ठाकुर ने आश्वासन दिया कि वह इन समस्याओं को गंभीरता से लेकर संबंधित विभागों से चर्चा करेंगे और समस्याओं के त्वरित समाधान के लिए उचित कदम उठाएंगे।