चुराह (चंबा)। प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र कल्हेल में स्वस्थ नारी, सशक्त परिवार अभियान के तहत शिविर लगाया। बीएमओ तीसा डॉ. पुरी के मार्गदर्शन और डॉ. निखिल के नेतृत्व में शिविर संपन्न हुआ। इस दौरान लगभग 200 महिलाओं और 50 स्कूली छात्राओं के स्वास्थ्य की जांच की गई। इनमें गैर संक्रामक रोगों (एनसीडी) की स्क्रीनिंग, उच्च रक्तचाप, मधुमेह, ग्रीवा एवं स्तन कैंसर की जांच की। इसके अतिरिक्त हीमोग्लोबिन परीक्षण एवं एनीमिया स्क्रीनिंग भी की गई। डॉ. रीता द्वारा स्तन कैंसर की स्क्रीनिंग की गई। छात्राओं व महिलाओं को पोषण, मासिक धर्म स्वच्छता, जीवनशैली रोगों की रोकथाम एवं परिवार नियोजन पर जागरूक किया। इस अवसर पर बीडीओ द्वारा स्वस्थ नारी, सशक्त परिवार की शपथ दिलाई। कार्यक्रम का आयोजन नीति आयोग एवं बीडीओ कार्यालय के सहयोग से किया। इस पहल का उद्देश्य महिलाओं और किशोरियों के स्वास्थ्य को सुदृढ़ कर परिवार और समाज को सशक्त बनाना है।