टप्पर गांव के चोंनेतर में आग लगने के बाद क्षतिग्रस्त गोशाला।
- फोटो : Chamba
बनीखेत (चंबा)। टप्पर पंचायत के चोंनेतर गांव में गोशाला जलने से लाखों का नुकसान हो गया। गोशाला में रखे मवेशियों को तो लोगों ने सुरक्षित बाहर निकाल लिया। लेकिन अंदर रखी लाखों की इमारती लकड़ी को नहीं निकाल पाए।
देवदार और चीड़ की लकड़ी स्वाह हो गई। संबंधित पटवारी ने नुकसान की रिपोर्ट तैयार कर ली है। इसे वह स्थानीय प्रशासन के सुपुर्द करेंगे। इसके बाद प्रशासन प्रभावित परिवार को मुआवजा राशि जारी करेगा।
गोशाला दो भाइयों किशन चंद और देसराज की थी। बुधवार सुबह दस बजे के करीब जब बच्चे आतिशबाजी चला रहे थे। उसी दौरान गोशाला से धुआं निकलना शुरू हुआ। इसे देख लोग तुरंत वहां पहुंच गए। लोगों ने सबसे पहले गोशाला के से चार मवेशियों को बाहर निकाला। लोगों ने आग को बुझाने के लिए पानी फेंकना शुरू किया। देखते ही देखते आग इतनी ज्यादा भड़क गई कि आग बेकाबू हो गई। दमकल विभाग की गाड़ी एक घंटे के बाद पहुंची।
सड़क न होने से फायर ब्रिगेड की गाड़ी गांव तक नहीं पहुंच पाई। इस कारण आग में इमारती लकड़ी जल गई। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस टीम भी घटनास्थल में पहुंच गई। आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है। एसडीएम डलहौजी जगन ठाकुर ने बताया कि प्रभावित परिवार को पटवारी की रिपोर्ट के आधार पर आर्थिक सहायता प्रदान की जाएगी।