बनीखेत (चंबा)। बनीखेत बाजार से बस स्टैंड तक पार्किंग के अभाव से हर वर्ग के लोग परेशान हैं। बनीखेत-चंबा-पठानकोट एनएच 154ए पर पार्किंग की सुविधा न होने से लोगों और पर्यटकों को एनएच के किनारे ही वाहन पार्क करने पड़ रहे हैं। इससे जाम लग रहा है और राहगीरों और दुकानदारों को परेशानी झेलनी पड़ रही है।
उस समय यहां पर समस्या और भी विकराल रूप धारण कर लेती है, जब स्कूलों में छुट्टी का समय होता है। स्थानीय निवासी राजीव कुमार, मनोहर लाल, रविंद्र कुमार, योगराज, विपिन कुमार और संदीप कुमार आदि का कहना है कि बनीखेत मुख्य बाजार से लेकर बस अड्डे तक कुछ ऐसे वाहन भी हैं, जो स्थायी रूप से ही कई दिन तक सड़क के किनारे पार्क हैं।
उन्होंने उपमंडल प्रशासन और पुलिस से मांग है कि बनीखेत मुख्य बाजार से बस अड्डे तक हाईवे के किनारे पार्किंग स्थल चिह्नित करने सहित येलो लाइन लगाई जाए। उधर, उपमंडलाधिकारी डलहौजी अनिल भारद्वाज ने कहा कि इस दिशा में जल्द ही मौके पर जाकर प्रस्ताव तैयार किया जाएगा, ताकि यहां पार्किंग की सुविधा दी जा सके।