चंबा। चंबा विधानसभा क्षेत्र का बसोधन गांव आजादी के बाद पहली बार सड़क सुविधा से जुड़ेगा। इस सड़क के लिए 3.82 करोड़ रुपये की धनराशि केंद्र सरकार ने प्रधानमंत्री ग्रामीण सड़क योजना के चरण चार में स्वीकृत की है। सवा दो किलोमीटर सड़क का निर्माण लोक निर्माण विभाग करेगा।
इस सड़क को बनाने के लिए विभाग ने डीपीआर बनाकर स्वीकृति के लिए भेजी थी। इसकी स्वीकृति मिल चुकी है। अब विभाग टेंडर प्रक्रिया को पूरा करने की औपचारिकताएं कर रहा है। इसके पूरा होने के बाद निर्माण शुरू हो सकता है।
सड़क बनने से लोगों को दो से तीन किलोमीटर पैदल चलने से निजात मिलेगी। इस सड़क को बनाने के लिए ग्रामीण लंबे समय से मांग कर रहे थे। ग्राम सभा में भी इसके निर्माण को लेकर प्रस्ताव पास किए गए। जिसे विभाग को दिया गया। ऐसे में अब लोगों को जब सड़क बनने की स्वीकृति का पता लगा है तो उनके अंदर खुशी की लहर है। लोगों में सुरेश कुमार, चंद राम, राकेश कुमार, हंसराज, प्यार सिंह, योगराज, केवल और मनोज कुमार ने बताया कि आजादी के 76 वर्षों बाद 500 की आबादी को सड़क की सुविधा प्राप्त होगी। सड़क बनने से बस व अन्य वाहन की सुविधा भी मिलेगी। सबसे ज्यादा सुविधा मरीज को अस्पताल पहुंचाने में होगी।
प्रधानमंत्री ग्रामीण सड़क योजना के चरण चार में सड़क स्वीकृत हो गई है। जल्द ही अन्य औपचारिकताएं पूरी करके निर्माण शुरू करवाया जाएगा। जोगिंद्र शर्मा, अधिशासी अभियंता, लोक निर्माण विभाग मंडल चंबा