खज्जियार (चंबा)। खज्जियार-लक्कड़ मंडी मार्ग पर सैलानियों को गड्ढों से निजात दिलाने के लिए 84 लाख से टारिंग की जा रही है। आठ किलोमीटर हिस्से पर टारिंग का कार्य पूर्ण हो चुका है।
चार किलोमीटर सड़क पर टारिंग की जा रही है। विभाग ने इसे आगामी कुछ दिनों में पूरा करने का लक्ष्य रखा है। उसके बाद लक्कड़ मंडी से डलहौजी तक सड़क पर टारिंग की जाएगी। इसका टेंडर भी शीघ्र करवाया जाएगा। गौरतलब है कि सर्दियों में भारी बर्फबारी के कारण सड़क की तारकोल उखड़ गई है। इससे सड़क पर गड्ढों की भरमार हो गई थी। गड्ढों की वजह से खज्जियार के पर्यटन व्यवसाय पर भी बुरा असर पड़ रहा था। एक बार इस मार्ग पर सफर करने वाला सैलानी दूसरी बार यहां आने से तौबा कर रहा था। इसके चलते विभाग ने सड़क पर टारिंग करने के लिए सरकार को प्रस्ताव भेजा और बजट मांगा। इसकी मंजूरी मिलते ही टेंडर करवाकर टारिंग का कार्य शुरू करवाया गया। खज्जियार से डलहौजी तक दो भागों में टारिंग का कार्य किया जाएगा। एक भाग के लिए हुए टेंडर का कार्य अस्सी प्रतिशत पूर्ण हो चुका है। बचे हुए कार्य के पूर्ण होने पर दूसरे भाग का टेंडर किया जाएगा।
लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता राजेंद्र शेखरी ने बताया कि खज्जियार-लक्कड़ मंडी मार्ग पर टारिंग का कार्य किया जा रहा है। आठ किलोमीटर में टारिंग हो चुकी है। शेष भाग में कार्य युद्धस्तर पर चलाया गया है।