खज्जियार (चंबा)। पर्यटन स्थल खज्जियार तीन दिन से पर्यटकों से गुलजार है। वर्तमान में क्षेत्र के होटलों में 90 प्रतिशत तक ऑक्यूपेंसी है। नए साल से पहले पर्यटक परिवार के साथ घूमने के लिए यहां पहुंच रहे हैं। इस दौरान पैराग्लाइडिंग और घुड़सवारी का आनंद उठाकर पर्यटक काफी खुश नजर आए।
कुछ दिन पहले जो झील मैदान वीरान नजर आ रहा था, वहां पर अब पर्यटकों की भीड़ दिखाई दे रही है। रेहड़ी से लेकर होटल चलाने वाले कारोबारी काफी खुश हैं।
स्थानीय निवासी और कारोबारी अशोक कुमार, विशाल ठाकुर, धर्मेंद्र कुमार, सन्नी, सूरज और पवन कुमार ने बताया कि यहां के लोगों का मुख्य व्यवसाय पर्यटन पर ही निर्भर है। इसके अलावा उनके पास आजीविका का अन्य कोई साधन नहीं है। ऐसे में पर्यटकों की भीड़ बढ़ने से उनका कारोबार भी चमक उठता है।
हालांकि उनकी बर्फबारी देखने की इच्छा पूरी नहीं हो पा रही है। बावजूद इसके पर्यटक यहां की खूबसूरत वादियों का नजारा देखकर काफी आनंदित हो रहे हैं। दिल्ली, गुजरात, पंजाब, यूपी और मध्य प्रदेश सहित अन्य राज्यों से पर्यटक घूमने के लिए पहुंच रहे हैं।