सलूणी (चंबा)। क्षेत्र की राजकीय प्राथमिक विद्यालय जलाई के विद्यार्थियों को अब अंधेरे में पढ़ाई नहीं करनी होगी। 20 साल बाद स्कूल को बिजली का कनेक्शन दिया जाएगा। अमर उजाला में प्रकाशित खबर पर हरकत में आते हुए प्रशासन ने बिजली बोर्ड और शिक्षा विभाग को इस संबंध में आदेश दिए हैं।
एसडीएम सलूणी चंद्रवीर सिंह ने मामले पर संज्ञान लेते हुए साफ कहा कि बच्चों की पढ़ाई में किसी भी तरह की रुकावट बर्दाश्त नहीं की जाएगी। गांव के बीच स्थित यह प्राथमिक विद्यालय वर्षों से बिजली कनेक्शन से वंचित है। 30 बच्चे बिना पंखे और रोशनी के कक्षा में पढ़ाई करने को मजबूर थे। शिक्षकों और अभिभावकों ने कई बार विभाग को अवगत करवाया, लेकिन समस्या जस की तस बनी रही। एसडीएम के आदेश के बाद बिजली बोर्ड के अधिकारी हरकत में आ गए हैं। स्कूल में कनेक्शन देने की प्रक्रिया शुरू करने की तैयारी कर दी है। इस खबर के मिलते ही ग्रामीणों में खुशी की लहर दौड़ गई। अभिभावकों ने एसडीएम सलूणी का आभार करते हुए कहा कि इतने सालों बाद बच्चों को पढ़ाई के लिए बेहतर माहौल मिलेगा। उधर, विद्युत बोर्ड के सहायक अभियंता राकेश कुमार ने बताया कि विद्यालय में बिजली कनेक्शन लगाने को लेकर प्रशासनिक आदेश पर कार्य आरंभ करवा दिया है।