भरमौर (चंबा)। जनजातीय क्षेत्र भरमौर की पूलन पंचायत के खलोग में मंगलवार सुबह एक दर्दनाक हादसे में जल शक्ति विभाग के कर्मचारी की मौत हो गई। पानी के टैंक से पानी छोड़ने जा रहे कर्मचारी का अचानक पैर फिसल गया और वह नीचे गिर पड़े। सिर पर गंभीर चोट लगने के कारण उन्होंने मौके पर ही दम तोड़ दिया। मृतक की पहचान दलीप कुमार (59) पुत्र सरन दास निवासी गांव पूलन डाकघर सिरड़ी तहसील भरमौर के रूप में हुई है।
मंगलवार सुबह करीब 9:50 बजे वह रोजाना की तरह पानी के टैंक से पानी छोड़ने के लिए जा रहे थे। इसी दौरान खलोग में अचानक उनका पैर फिसल गया और वह अनियंत्रित होकर नीचे गिर पड़े। सिर पर गंभीर चोट लगने से उनकी मौके पर ही मौत हो गई। हादसे की सूचना मिलने पर ग्राम पंचायत पूलन के प्रधान अंग्रेज कपूर ने पुलिस को घटना की जानकारी दी। इसके बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर आवश्यक कार्रवाई की और शव को पोस्टमार्टम के लिए नागरिक अस्पताल भरमौर पहुंचाया। पोस्टमार्टम करवाने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। उधर, पुलिस अधीक्षक विजय सकलानी ने बताया कि जल शक्ति विभाग के कर्मचारी की ड्यूटी के दौरान पैर फिसलने से मौत हुई है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगामी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।