चंबा। जिले में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत एसआईयू टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए डीएवी स्कूल मुगला के समीप एक किराये के कमरे से 7.59 ग्राम चिट्टा बरामद किया है। कमरे में सिरिंज और 5300 रुपये नकद भी मिली है। 16 नवंबर देर रात को एसआईयू टीम ने गुप्त सूचना मिलने के बाद कमरे में दबिश दी। यह कमरा पंजाब के अमृतसर निवासी राजन महाजन (36) का बताया गया है। आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। बरामद नशीले पदार्थ को लेकर आगामी जांच जारी है। पुलिस यह भी पता लगाने में जुटी है कि आरोपी के पास नशीला पदार्थ कहां से पहुंचा और इसके पीछे कोई अन्य व्यक्ति भी शामिल है या नहीं। इन सभी पहलुओं पर जांच की जा रही है। पुलिस अधीक्षक विजय सकलानी ने बताया कि चिट्टे के खिलाफ विशेष अभियान चलाया गया है। जो भी इस अवैध नशे के धंधे से जुड़े हैं, उन सबके खिलाफ ऐसे ही कार्रवाई की जाएगी।