चंबा। प्रदेश भर में 21 सितंबर से औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थानों को खोलने की तैयारियों को विराम लग गया है। अब आईटीआई तकनीकी शिक्षा निदेशक के आगामी निर्देशों तक बंद रहेंगी। जिसे लेकर शुक्रवार को बाकायदा तकनीकी शिक्षा निदेशक द्वारा अधिसूचना जारी कर दी है।
बताते चलें कि मार्च 2020 में कोरोना महामारी के चलते शिक्षण संस्थानों को बंद किया गया। जिसके बाद औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थानों में विभिन्न ट्रेडों में प्रशिक्षण हासिल करने वाले प्रशिक्षुओं की ऑनलाइन कक्षाएं लगा कर भी प्रशिक्षुओं को प्रशिक्षित करने संबंधी पग बढ़ाए गए। जिसके बाद तकनीकी शिक्षा विभाग द्वारा प्रशिक्षुओं के भविष्य को देखते हुए आईटीआई को खोलने का निर्णय लिया। इसके तहत 21 सितंबर से जरूरी दिशा-निर्देशों के साथ प्रदेश भर की आईटीआई खोलने के लिए बाकायदा 14 सितंबर को अधिसूचना भी जारी की गई। बावजूद इसके अब तकनीकी शिक्षा निदेशक द्वारा औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थानों को कोविड के चलते आगामी निर्देशों तक बंद रखने का ही निर्णय लिया गया है। जिसके तहत आईटीआई प्रबंधनों को भी इसकी जानकारी मुहैया करवा दी गई है।
औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान चंबा के प्रधानाचार्य विपिन राठौर ने बताया कि तकनीकी शिक्षा निदेशक के आदेशानुसार 21 सितंबर को अब आईटीआई नहीं खुलेंगी। तकनीकी शिक्षा निदेशक के आगामी आदेशों तक संस्थान बंद रहेंगे।