Issue of notices to 430 electricity consumers
चंबा। बिजली बिल जमा न करवाने वाले उपभोक्ताओं के खिलाफ बिजली बोर्ड ने शिकंजा कस दिया है। विद्युत उपमंडल-प्रथम की ओर से 430 उपभोक्ताओं को नोटिस जारी किए गए हैं। बोर्ड ने स्पष्ट किया है कि उपभोक्ता अगर 15 दिन के भीतर बिजली बिल जमा नहीं करवाते हैं तो उनके कनेक्शन अस्थायी तौर पर काट दिए जाएंगे। बोर्ड की ओर से जारी निर्देशों के बाद उपभोक्ताओं में हड़कंप मच गया है।
जानकारी के अनुसार 32 लाख 44 हजार 984 की राशि विद्युत बोर्ड ने उपभोक्ताओं से बिल के रूप में वसूलनी है। उपभोक्ता नियमित रूप से बिजली बिल की अदायगी नहीं कर रहे हैं। बोर्ड की मानें तो अगर एक बार किसी उपभोक्ताओं का बिजली का कनेक्शन कट जाता है तो उसके बाद उसे जुर्माने सहित बिल जमा करवाना होगा। उसके बाद ही बिजली का कनेक्शन जोड़ा जाएगा। इसके अलावा स्थायी तौर पर कनेक्शन कटने पर उपभोक्ताओं को सभी औपचारिकताएं दोबारा पूरी करनी होंगी। साथ ही बिल की देय राशि के साथ 250 रुपये का अतिरिक्त शुल्क भी देना होगा।
विद्युत उपमंडल चंबा-1 के सहायक अभियंता राज सिंह ने खबर की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि 430 उपभोक्ताओं को बिल जमा न करवाने पर नोटिस जारी किए गए हैं। उपभोक्ताओं ने लंबे समय से बिल जमा नहीं करवाए हैं। नोटिस में कहा गया है कि अगर 15 दिन में भुगतान नहीं किया गया तो बिजली कनेक्शन अस्थायी तौर पर काट दिए जाएंगे।