बालू में निर्माणाधीन मॉडल कॅरिअर सेंटर का भवन।
- फोटो : Chamba
चंबा। शहर के समीप मॉडल कॅरिअर सेंटर का निर्माण शुरू हो गया है। चार मंजिला बनने वाला भवन अक्तूबर 2022 में बन जाएगा।
लोक निर्माण विभाग इस काम को कर रहा है। इस भवन का निर्माण से एक ही छत के नीचे बेरोजगार और छात्र-छात्राओं को पंजीकरण और काउंसलिंग की सुविधा मिलेगी। इसके अलावा विद्यार्थियों को कॅरिअर गाइडेंस भी दी जाएगी। इससे विद्यार्थी कोर्सों से भविष्य संवार सकेंगे।
इस साल मार्च में भवन का काम आवंटित हुआ है। विभाग ने साइट विकसित करने के बाद बिल्डिंग निर्माण शुरू कर दिया है। चार मंजिला भवन के निर्माण पर करीब साढ़े तीन करोड़ रुपये की राशि खर्च होगी। भवन निर्माण के लिए एशियन डवेल्पमेट बैंक की ओर से फंडिंग की जा रही है। इससे युवाओं को काफी सुविधा मिलेगी और स्टाफ को भी जगह की कमी नहीं रहेगी।
यह रहेगी व्यवस्था
मॉडल कॅरिअर सेंटर का निर्माण होने से पंजीकरण की सुविधा मिलेगी। इसके अलावा एक काउंसलर और यंग प्रोफेशनल तैनात रहेगा। वे केंद्र में आने वाले बेरोजगारों और छात्र-छात्राओं की काउंसलिंग करेंगे। उनकी रुचि के मुताबिक गाइडेंस देंगे।
लोक निर्माण विभाग चंबा के अधिशासी अभियंता जीत सिंह ठाकुर ने बताया कि बालू में मॉडल कॅरिअर सेंटर का निर्माण शुरू हो गया है। उन्होंने कहा कि अक्तूबर 2022 तक यह काम पूरा करने का लक्ष्य है। चार मंजिला भवन के निर्माण पर साढ़े तीन करोड़ की राशि खर्च होगी।